वर्ष 2010 में नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी पर हमले के हैं आरोपी

कारागार की हाई सिक्योरिटी बैरक में कई माह से बंद है मुख्य आरोपी

दाढ़ी व बाल काटने पहुंचे नाई से कैंची छीन कर किया वार, दोनों घायल

ALLAHABAD: नैनी सेंट्रल जेल में रविवार को हलचल मची रही। दोपहर को जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी पर जानलेवा हमले के मुख्य आरोपी राजेश पायलेट उर्फ आनंद शांडिल्य व फहीम उर्फ फिमा के ऊपर कैंची से कातिलाना हमला कर दिया गया। हमले में दोनों घायल हो गए। भनक लगते ही जेल प्रशासन व अन्य बंदियों में सनसनी फैल गई। भाग कर मौके पर पहुंचे अफसरों ने दोनों को इलाज के लिए जेल अस्पताल में भर्ती कराया। बताते हैं कि कुछ दिन पूर्व बैरक में एक बंदी से विवाद हुआ था। मौका देखते ही उसने फहीम पर हमला बोल दिया।

जेल के अंदर मचा हड़कंप

बसपा शासन काल के दौरान 2010 में कैबिनेट मंत्री रहे नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी पर उनकेआवास के बाहर हमला कर दिया गया था। उस वक्त वह रोज की तरह समर्थकों के साथ पूजा करने जा रहे थे। इस हमले में नंदी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना में पुलिस ने राजेश समेत कई लोगों को जेल भेज दिया था। हमले के मुख्य आरोपी उदराकक्ष थाना तिनतनी जिला हरदा मध्य प्रदेश निवासी राजेश पायलट उर्फ आनंद शांडिल्य है। कई माह से राजेश नैनी जेल की हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद है। उसके खिलाफ गैंगस्टर सहित दर्जनों मुकदमें दर्ज हैं। जेल अफसरों की मानें तो रविवार सुबह हाई सिक्योरिटी बैरक में नाई बंदियों का बाल व दाढ़ी बनाने पहुंचा था। इसी बीच उद्यम सिंह बसवाल पुत्र वीर नारायण निवासी कसावल थाना सरूरपुर मेरठ ने नाई से कैंची छीन कर फहीम पर जानलेवा हमला कर दिया। यह देख बीच बचाव करने पहुंचे राजेश पर भी उसने कैंची से वार कर दिया। बंदी फहीम बांदा क्षेत्र के मटौध थानांर्गत गोहरा का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या सहित कई मामले दर्ज हैं। दोनों पर हमला करने वाला कुख्यात अपराधी है। उसे वर्ष 2016 नवंबर माह में लखनऊ कारागार से नैनी जेल में सिफ्ट किया गया था।

हमलावार आरोपी बंदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हमले में घायल दोनों बंदियों की हालत में खतरे से बाहर है। घटना को देखते हुए बैरकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

वीआर वर्मा, अधीक्षक नैनी सेंट्रल जेल