JAMSHEDPUR: प्राइमरी स्कूलों में ट्राइबल लैंग्वेज की पढ़ाई शुरू होगी। इसके लिए सरकार भी सहमत है। इसके लिए सरकार ने अपना प्रयास प्रारंभ कर दिया है। यह बातें करीम सिटी कॉलेज में शनिवार को कोल्हान यूनिवर्सिटी (केयू) के चौथे युवा महोत्सव के उद्घाटन सत्र को संबोधित करती हुई झारखंड की राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रोपदी मुर्मू ने कही। राज्यपाल ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनने के लिए राजभवन के दरवाजे हमेशा खुले रहेंगे। झारखंड के युवाओं के शिक्षित होने से राज्य के विकास के साथ-साथ देश का विकास हो सकता है। इस कारण विश्वविद्यालयों के शैक्षणिक सत्र में आमूल चूल परिवर्तन किए गए है। कोल्हान यूनिवर्सिटी ने इतनी छोटी सी उम्र में अपने आप को तकनीकि रूप से मजबूत किया है तथा कैलेंडर के अनुसार कई कार्य कर रहा है।

युवा ही देश के कर्णधार

राज्यपाल ने कहा कि हमारे युवा ही देश के कर्णधार है। इस युवा शक्ति को सार्थक दिशा देने हेतु समर्पित भाव से तत्पर रहना हम सभी की जिम्मेदारी है। युवा महोत्सव जैसे आयोजनों से हमारे युवाओं में लेखन, गायन-वादन, नृत्य, अभिनय, चित्रकारी इत्यादि निहित विभिन्न रचनात्मक प्रतिभाएं न केवल विकसित होंगी, बल्कि उनमें कॉम्पटीशन की भावना बढ़ेगी। राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वे दूसरे से अपने आप को कंपेयर मत करें, बल्कि अपनी अंदर छुपी प्रतिभा व क्षमता को विभिन्न माध्यमों से सकारात्मक सोच के साथ प्रदर्शित करें। राज्यपाल के भाषण के बाद केयू के चौथे युवा महोत्सव का स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

दिया गार्ड ऑफ ऑनर

झारखंड की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू के साकची स्थित करीम सिटी कॉलेज पहुंचने पर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ आनर दिया। मंचासीन होते ही राष्ट्रगान और कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलगीत से कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।

इनकी रही मौजूदगी

युवा महोत्सव के उद्घाटन के दौरान मंच का संचालन करीम सिटी कॉलेज की मॉसकॉम विभाग का प्रमुख डॉ। नेहा तिवारी ने किया। मंच पर केयू वीसी डॉ। आरपीपी सिंह, प्रोवीसी डॉ। रंजीत कुमार सिंह, केयू के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो। अजय कुमार उपाध्यक्ष, केसीसी के प्रिंसिपल डॉ। मो। जकरिया, केयू के स्पो‌र्ट्स ऑफिसर डॉ। अविनाश कुमार सिंह, वित्त पदाधिकारी सुधांशु कुमार, सीसीडीसी डॉ। जेपी मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ। पीके पाणि, केयू सिंडिकेट के सदस्य डॉ। राजेश कुमार शुक्ल, प्राचार्यो में डॉ। शुक्ला माहांती, डॉ। उषा शुक्ल, डॉ। एसएस रजी, प्रोफेसर ओपी खंडेलवाल, डॉ। एसबी तिवारी, डॉ। जितेंद्र, अंगद तिवारी, ओमप्रकाश सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं व छात्र उपस्थित थे।

टाटा स्टील से केयू का होगा एमओयू : वीसी

केयू के चौथे युवा महोत्सव में वीसी डॉ। आरपीपी सिंह ने कहा कि खेल से भी केयू की अपनी पहचान बनें। इसके लिए तमाम तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। बहुत जल्द खेल के विकास तथा कॉलेजों से खेल प्रतिभा को उभारने के लिए टाटा स्टील के साथ केयू एमओयू करने जा रहा है। इसके तहत कॉलेजों में खेल प्रशिक्षक भी टाटा स्टील उपलब्ध कराएगा तथा जेआरडी स्पो‌र्ट्स परिसर में कॉलेज के छात्रों को सीधे खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय की ओर से अंतर विश्वविद्यालय के पदक विजेताओं का सम्मान चांसलर ट्रॉफी में किया जाएगा। इसके अलावा फुटबाल खिलाड़ी रानी रविदास का विशेष सम्मान होगा, क्योंकि अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के दौरान रानी की मां का देहांत हो चुका था, इसके बावजूद वे खेल छोड़कर नहीं आई। चासंलर ट्रॉफी का आयोजन अप्रैल में होना है। वीसी ने कहा कि केयू में 80 हजार स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने राज्यपाल से जल्द से जल्द ट्राइबल एकेडमी के गठन की मांग की, ताकि जनजातीय भाषाओं पर शोध की गति को बल मिल सके। उन्होंने कहा कि केयू आज डिजिटलाइजेशन में झारखंड की सभी यूनिवर्सिटीज से आगे है।