prayagraj@inext.co.in
PRAYAGRAJ: कुंभ नगरी में पहले शाही स्नान के ठीक पहले सोमवार की दोपहर दिगंबर अनी अखाड़ा के पंडाल में ब्लास्ट की गूंज से हड़कंप मच गया। लोगों का ध्यान उधर गया तो अखाड़े का पंडाल आग की लपटों से घिरा था। आनन-फानन में आग को बुझाने की कोशिशें शुरू हो गयीं। जबरदस्त मशक्कत के चलते आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। घटना के किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग बुझाने के तत्काल बाद इससे हुए नुकसान का आकलन शुरू कर दिया गया। सिलेंडर ब्लास्ट कैसे हुए? इसकी जांच बिठा दी गयी है। उन्होंने कहा कि रात में ही पंडाल को फिर से दुरूस्त करा दिया जाएगा।

भोजन बनाते समय लीकेज से लगी आग
दिगंबर अनि अखाड़ा में सोमवार की सुबह किचेन में साधु संतों के लिए भोजन तैयार हो रहा था। भोजन पकाने के लिए इस्तेमाल हो रहे एक सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। जब तक किचेन में काम कर रहे लोग कुछ समझ पाते। गैस लीकेज से आग लग गई। आग लगता देख वहां मौजूद सेवादार शोर मचाने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोग आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। लेकिन, तब तक आग पास के ही चित्रकूट बैठक और वृंदावन बैठक तक फैल गई। इसी बीच किचेन में खाना बनाने के लिए रखे दो सिलेंडर भी आग की चपेट में आ गए। जिससे एक के बाद एक करके दोनों सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इसके बाद आग तेजी से चारों तरफ फैलने लगी। आग की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाडियां मौके पर पहुंच गई। आग के विकराल रूप को देखते ही पुलिस और फायर कर्मियों के भी होश उड गए। किसी प्रकार फायर कर्मियों ने कडी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक आधा से ज्यादा पंडाल और दो चार पहिया वाहन व टेंट में रखे दूसरे कई सामान जलकर स्वाहा हो गए। अखाड़ा के सन्यासी रामदास ने बताया कि आग से करीब पचास लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है।

दिगंबर अखाड़ा में लगी आग के कारण हुए लाखों रुपए के नुकसान को लेकर मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने बताया कि आग से हुए नुकसान की जानकारी एकत्र की जा रही है। मुख्यमंत्री द्वारा भी तत्काल सभी संभव मदद करने का निर्देश दिया गया है। आग से हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन की ओर से सभी सुविधाएं अखाड़ा का उपलब्ध करायी जा रही है।
विजय किरन आनंद, मेलाधिकारी

बीस मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। जान माल को कोई नुकसान नहीं हुआ है। फायरकर्मियों ने पूरी तत्परता से आग पर काबू पाया है। आगे भी मेले में ऐसी ही व्यवस्था देने का पूरा प्रयास है।
ओपी सिंह, पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला