पं। पवन तिवारी ने भजन और मिश्र बंधुओं ने गजल गायन से मोहा सभी का मन

ALLAHABAD: आस्था और लोक कलाओं के संगम कुंभ नगरी महोत्सव 2018 का शुभारंभ बोट क्लब पर शुक्रवार से हो गया। श्री विष्णु जन कल्याण सेवा समिति की प्रस्तुति महोत्सव का भव्य उद्घाटन डीएम सुहास एलवाई ने दीप प्रज्जवलन से किया। इस दौरान आरती के साथ शंखनाद का मनोरम दृश्य भी देखने को मिला। कार्यक्रम में टी सीरीज मुम्बई के पं। पवन तिवारी ने अपने भजन गायन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

स्नेह उपाध्याय का जलवा

पं। पवन तिवारी की सुरमई प्रस्तुति के बाद मिश्र बंधु सत्यप्रकाश मिश्र एवं देवप्रकाश मिश्र के गजल गायन और भजन ने सभी का मन मोह लिया। बीच-बीच में तालियों की गड़गड़ाहट भी होती रही। इसके बाद बॉलीवुड सिंगर और सारेगामापा फेम मुंबई की स्नेह उपाध्याय ने भी अपनी गायिकी का जलवा बिखेरा। समिति के महामंत्री नागेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के शुरू और अंत में मां गंगा की आरती भी उतारी गयी। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम अध्यक्ष कृष्ण कुमार, अमित त्रिपाठी, संजय प्रकाश खरे, फूलचन्द्र दुबे, पिंडीवासा, अशोक पाठक, रामनरेश जी आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।