-लोजपा अध्यक्ष पर साधा निशाना, राहुल गांधी को सराहा

PATNA: रविवार को लोजपा अध्यक्ष रामविलास पासवान पर पहली बार रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सीधा हमला किया। उन्होंने कहा कि राम विलास पासवान ने फिर मौसम पहचान लिया है। वह जानते हैं कि बिहार में एनडीए का खाता भी नहीं खुलेगा, इस कारण उन्होंने समझौते में राज्यसभा में अपने लिए एक सीट सुरक्षित कर ली है। कुशवाहा ने राहुल गांधी की जमकर तारीफ की, वहीं नीतीश कुमार पर निशाना साधा। रालोसपा के किसान प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित चौधरी चरण सिंह जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की थाली छीनी, उसने भाजपा से सीटें भी छीन ली। कहां गया प्रधानमंत्री का 56 इंच का सीना? 22 सीटें जीतने वाली भाजपा 17 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी और दो सीटें जीतने वाला जदयू भी 17 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगा। एनडीए को राहुल से सीख लेनी चाहिए। किसानों के कर्ज माफी का वादा तुरंत निभाया। केंद्र सरकार को भी कर्ज माफ करने की घोषणा करनी चाहिए। अध्यक्षता किसान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुभाष सिंह कुशवाहा ने की। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नागमणि, प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव प्रो। अभयानंद सुमन, पूर्व मंत्री दशई चौधरी, अधिवक्ता मधुसुदन महतो और अशोक कुशवाहा आदि मौजूद थे।