PATNA: धीरे-धीरे बिहार में राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है। हर पार्टी में सुगबुगाहट तेज हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की 3 फरवरी को जन आकांक्षा रैली है। इससे एक दिन पहले रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा अपनी ताकत दिखाएंगे। वह जेपी गोलंबर से 'शिक्षा सुधार, जन-जन का अधिकार' के नारे के साथ राजभवन तक आक्रोश मार्च निकालेंगे। शिक्षा सुधार को लेकर 25 सूत्री मांग के साथ एक करोड़ से अधिक लोगों के हस्ताक्षर भी गवर्नर को सौंपेंगे। रालोसपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता फजल इमाम मलिक ने कहा कि एक करोड़ हस्ताक्षर संग्रह करने का लक्ष्य था। हमने करीब 1.10 करोड़ हस्ताक्षर संग्रह किया है। शिक्षा सुधार के लिए 25 सूत्री मांग के साथ रालोसपा ने जून 2017 में आंदोलन आरंभ किया था। उस समय आंदोलन का नारा 'आक्रोश दिखाओ, शिक्षा बचाओ' था। जुलाई, 2017 में नीतीश कुमार के फिर एनडीए में आ जाने के बाद इसे शिक्षा सुधार आंदोलन का नाम दिया गया।