RANCHI : पूर्वोत्तर राज्यों के श्रम मंत्रियों और श्रम सचिवों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि श्रम बल ही राज्य और देश के विकास का आधार है। इस अवसर पर उन्होंने श्रम विभाग के हुनर पोर्टल का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस पोर्टल के माध्यम से राज्य के संगठित और असंगठित श्रमिकों को रोजगार ढूंढने में आसानी होगी। इस अवसर पर केन्द्रीय श्रम राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बंडारु दत्तात्रेय, झारखंड के श्रम मंत्री राज पालीवाल, बिहार के श्रममंत्री दुलाल चंद्र गोस्वामी समेत पूर्वोत्तर के कई श्रम मंत्री और सचिव मौजूद थे।

स्मार्ट सिटी रांची को अभी ग्रीन सिग्नल नहीं

रांची के स्मार्ट सिटी बनने को अभी ग्रीन सिग्नल नहीं मिला है। दिल्ली में आयोजित पीएम के दो दिवसीय प्रोजेक्ट लांचिंग प्रोग्राम के पहले दिन गुरुवार को इस पर कोई चर्चा नहीं हुई। वैसे उम्मीद है कि झारखंड की राजधानी रांची को इस योजना के लिए जरूर सेलेक्ट किया जाएगा। हालांकि झारखंड सरकार की ओर से रांची के अलावा जमशेदपुर व धनबाद का भी प्रस्ताव भेजा गया था। लेकिन, केंद्र सरकार स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में झारखंड के एक ही शहर को रख रही है।

दिल्ली गए हैं नगर विकास मंत्री

मालूम हो कि झारखंड से नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, मेयर आशा लकड़ा, नगर आयुक्त प्रशांत कुमार समेत अन्य नगर निकायों के मेयर व अधिकारी दिल्ली गए हुए हैं। ये स्मार्ट सिटी व अमृत प्रोजेक्ट की लांचिंग में शामिल भी हुए हैं। लेकिन, झारखंड के किस शहर को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट का लाभ मिलेगा। इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं हो पाई है।

तीन प्रोजेक्ट लांच

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में शहरी भारत की तस्वीर बदलने के लिए तीन परियोजनाएं लांच की। इनमें 100 स्मार्ट सिटी, 500 शहरों के लिए अटल शहरी पुनर्जीवन व परिवर्तन मिशन तथा 2022 तक शहरी इलाकों में सभी के लिए घर बनाने की योजनाएं शामिल हैं।