-मजदूर यूनियन एक्टू की रांची कमिटी का प्रतिवाद मार्च

-अल्बर्ट एक्का चौक पर केंद्रीय मंत्री का पुतला फूंका

RANCHI: कंपनी राज का खुल गया पोल, बोल रे साथी हल्ला बोल सरीखे नारों से गुरुवार की शाम अल्बर्ट एक्का चौक गुंजायमान होता रहा। मौका था ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियन(एक्टू)की रांची कमिटी की प्रतिवाद रैली का। यूनियन ने केंद्र सरकार की स्टार्ट अप इंडिया, आंदोलनकारी प्रिकोल के 8 मजदूरों को आजीवन कारावास, हैदराबाद के छात्र राहुल बामेल की आत्महत्या के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर केंद्रीय श्रम मंत्री बंडारू दत्तात्रेय का पुतला दहन किया गया। मजदूरों का प्रतिवाद मार्च अल्बर्ट एक्का चौक पहुंच कर सभा में तब्दील हो गया। वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की दोहरी नीति का भंडाफोड़ हो गया है। सरकार मजदूरों और आम जनता से ज्यादा कंपनियों के लिए ज्यादा फिक्रमंद है। स्टार्ट अप मजदूरों के अधिकारों पर हमला है। प्रतिवाद रैली में भुवनेश्वर केवट, सुखदेव प्रसाद, जगरनाथ उरांव, रामचरित्र शर्मा, जक्सन टोपो, सुदामा खलखो ,प्रेम उरांव, सुल्तान अंसारी, विश्नाथ पंडित, एनामुल हक, एलिसबा एक्का, एती तिर्की, शशि सांगा आदि तमाम लोग मौजूद थे।

कार के धक्के से पति की मौत, पत्नी गंभीर

तुपुदाना थाना क्षेत्र के सतरंजी में गुरुवार को तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे दंपती को टक्कर मार दी। इससे घटना स्थल पर ही डहरू कुजूर की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी पालिना कुजूर बुरी तरह से घायल हो गई। उन्हें गुरुनानक हास्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घायल महिला के भाई सुचित कच्छप ने बताया कि टक्कर मारकर भाग रहे वैगन आर के चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ थाने में मामला भी दर्ज कराया गया है।