-भोजीपुरा के मुरावपुरा में मिली लाश, नहीं हुई पहचान

-गले में दुपट्टे का फंदा लगा मिला

BAREILLY: डिस्ट्रिक्ट में महिलाओं की हत्या कर लाशें फेंकने की मामले एक के बाद एक सामने आ रहे हैं। अब भोजीपुरा के मुरावपुरा में एक महिला की हत्या कर शव रोड किनारे झाडि़यों में फेंक दिया गया। महिला के गले में दुपट्टे का फंदा लगा था। महिला के शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने व्हाट्सएप पर सभी थानों में महिला की पहचान के लिए फोटो सर्कुलेट किए हैं। इस तरह सप्ताह भर के भीतर किसी महिला की तीसरी लाश मिली है। भोजीपुरा में ही 11 जुलाई को मानसिक विक्षिप्त महिला की लाश गन्ने के खेत में मिली थी, जिसकी पहचान तो हो गई थी, लेकिन उसकी मौत कैसे हुई थी। इसका पुलिस पता नहीं कर सकी है।

गले में कसा था दुपट्टा

भोजीपुरा पुलिस को थर्सडे सुबह सूचना मिली कि एक महिला की लाश मुरावपुरा के पास लिंक रोड के किनारे पड़ी है। महिला येलो कलर का कढ़ाई वाला सूट पहना है। उसके गले में रेड कलर का दुपट्टा कसा हुआ है। जिससे साफ है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस को आशंका हे कि महिला के शव को रोड किनारे लाकर फेंका गया है। पुलिस ने आसपास के लोगों से महिला की पहचान की कोशिश की लेकिन देर रात तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। महिला के पास भी कोई ऐसा सामान नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके।

तीन लाशों की भी नहीं पहचान

भोजीपुरा से कुछ दिनों पहले ही बहेड़ी में तीन दिन में तीन अलग-अलग लाशें मिली थीं, जिनमें दो लाशें महिलाओं की थीं। बहेड़ी में दो लाशें नदी में मिली थीं, जिसमें एक महिला और एक पुरुष की लाश थी। महिला के शव को बिस्तर में लपेट कर फेंका गया था। वहीं पुरुष के शव को रस्सी से बांधकर फेंका गया था। दोनों का गला घोंटा गया था। तीसरी लाश एक तालाब में मिली थी। तीनों की भी अभी तक पुलिस पहचान नहीं कर सकी है।

महिला की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। उसकी पहचान के लिए सभी थानों में फोटोग्राफ भेजे गए हैं। सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है।

डा। सतीश कुमार, एसपी रुरल