मायके वालों ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप, हंगामा

पति सहित अन्य ससुरालियों पर दर्ज कराई हत्या की रिपोर्ट

ALLAHABAD: गंगापार के हंडिया थाना क्षेत्र के रामनाथी गांव में बुधवार सुबह कुंए में महिला व उसके दो मासूम बच्चों की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बवाल की खबर पर पहुंचे पुलिस के आला अधिकारियों ने विवाहिता के मायके वालों को समझाते हुए तीनों लाशों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मां-बच्चों की लाश से हड़कंप

गंगापार के हंडिया थाना क्षेत्र के रामनाथी गांव में बुधवार सुबह गणेश यादव की पत्‍‌नी सावित्री देवी व दो बच्चों सात वर्षीय आयुष और पांच वर्षीय पीयूष की लाश कुंए में मिली। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। कुंए के पास भीड़ जमा हो गई। सावित्री का जेठ सुरेश चंद्र भी मौके पर पहुंच गया। उसने सावित्री के भाई पुरे गोगई गांव निवासी सुरेंद्र यादव और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस के आने से पहले सावित्री का पिता देवी प्रसाद बेटे सुरेंद्र व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पहुंच गया। बेटी हत्या का आरोप लगाते हुए वह ससुराल वालों से भिड़ गया। सूचना पर एसपी गंगापार मुन्ना लाल, सीओ हंडिया डीपी शुक्ला समेत कई थानों की फोर्स के साथ गांव पहुंचे। सावित्री के पिता देवी प्रसाद ने आरोप लगाया उसकी बेटी को किसी न किसी बात पर आए दिन प्रताडि़त किया जाता था। अंतत: उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीनों शवों को कुंए से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बुआ के यहां मिला पति

घटना के बाद से सावित्री का पति गणेश फरार था। पुलिस ने उसकी उसकी खोजबीन शुरू की तो पता चला कि वह बुआ के यहां गया है। उसने पुलिस को बताया कि वह रात में घर पर नहीं था। एक दिन पहले ही वह सरायममरेज थाना क्षेत्र के जघई गांव में स्थित बुआ के घर आया था। जबकि गांव वालों का कहना था कि मंगलवार की शाम तक उसे गांव में ही देखा गया था। अफसरों के निर्देश पर हंडिया पुलिस ने देवी प्रसाद की तहरीर पर सास कलावती देवी, पति गणेश यादव, जेठ सुरेश यादव एवं देवर दिनेश के खिलाफ साजिशन हत्या और तथ्य छिपाने के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले में जेठ सुरेश व पति गणेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति और जेठ को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।

मुन्ना लाल, एसपी गंगापार