वॉच टॉवर पर तैनात थे, सुबह सवा पांच बजे की है घटना

इंसास राइफल से चली गोली गर्दन से घुसी सिर से पार निकली

आगरा। थाना सदर सीओडी में तैनात लांस नायक हरमिंदर सिंह की सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। वह वॉच टॉवर पर तैनात थे। इंसास राइफल से चली गोली उनकी गर्दन से घुसी और सिर से पार निकल गई। पुलिस इस घटना को सुसाइड मान कर चल रही है।

सुबह ड्यूटी पर पहुंचे थे

पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब सवा पांच बजे की है। डीएससी प्लाटून में तैनात लांस नायक 46 वर्षीय हरमिंदर सिंह की तैनाती सीओडी में थी। सुबह वह ड्यूटी पर पहुंचे। वॉच टॉवर पर तैनात संतरी ने राइफल उनके सुपुर्द की। वह नीचे उतर आया। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई। संतरी घबरा गया। दौड़कर ऊपर पहुंचा। हरमिंदर सिंह कुर्सी पर बैठे थे। राइफल की नाल उनकी गर्दन के नीचे थे। गोली सिर से पार निकल गई थी।

पुलिस ने माना सुसाइड

सदर पुलिस ने बताया कि हरमिंदर सिंह मूल रूप से पंजाब के निवासी थे। उनके परिजन पोस्टमार्टम करा कर शव ले गए। सुसाइड के पीछे रहे कारणों का पता नहीं चल सका। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।