RANCHI: अपराधियों की गोली से जख्मी पंडरा निवासी जमीन कारोबारी सामी मुंडा की शनिवार को रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। दो दिसम्बर की सुबह रांची के देवकमल हॉस्पिटल के पास अज्ञात अपराधियों ने उन्हें उस समय गोली मार दी थी जब वे अपने होटल की तरफ जा रहे थे। दो दिसम्बर को पंडरा ओपी क्षेत्र के बजरा स्थित मुंडा चौक के पास एक बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात अपरिधियों ने सामी मुण्डा को गोली मार दी। इसके बाद उन्हें रिम्स रेफर किया गया, जहां डॉ सीबी सहाय के यूनिट में इलाज चल रहा था।

लोगों ने आंदोलन की दी धमकी

रिम्स में इलाजरत सामी मुंडा की मौत रात 2 बजे हो गई। मुंडा 14 दिनों से रिम्स में इलाजरत थे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन जैसे ही शव को लेकर उनके गांव बजरा पहुंचे, गुस्साये लोगों ने सड़क जाम कर दी। इधर, सामी की मौत की खबर सुनकर रिम्स पहुंचे अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि अपराधियों में कानून का खौफ खत्म हो गया है। हम मांग करते हैं कि जल्द से जल्द पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी करे। सामाजिक कार्यकर्ता बीरेंद्र भगत ने कहा कि सामी मुंडा समाज के लिए सदैव तत्पर रहते थे। बजरा स्थित राजकीय उच्च विद्यालय के अध्यक्ष थे। इनके अलावा सरना समिति के लिए भी हमेशा आगे रहते थे। उनके अधिकारों के लिए लड़ते थे। पुलिस को जल्द-जल्द निष्पक्ष जांच करते हुए सामी के कातिलों को गिरफ्तार करना चाहिए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो हमलोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

क्या है मामला

गौरतलब हो कि दो दिसम्बर की सुबह देवकमल अस्पताल के पास घात लगाए अपराधियों ने समी मुंडा को पहले रोका और किसी का पता पूछा। इसी क्रम में उनपर दो गोली फायर कर दी। पहली गोली उनके बांह को छूते हुए निकल गई। जबकि दूसरी गोली उनकी गर्दन में लगी। इसके बाद बाइक सवार अपराधी फरार हो गए। घायल सामी को स्थानीय लोगों ने देवकमल अस्पताल पहुंचाया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रिम्स भेज दिया गया। समी मुंडा चौक पर एक होटल भी चलाते थे। हर दिन वह होटल के लिए पानी अपने घर से लेकर जाते थे। रोज की तरह रविवार दो दिसम्बर को भी वह अपनी ओमनी कार से पानी लाने जा रहे थे।

कोट

सामी मुंडा के हमलावरों को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। गठित टीम प्रयास कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाए।

अजीत कुमार विमल, डीएसपी, कोतवाली