RANCHI गुरुवार को रातू किला के पीछे आमटांड़ में भगत सिंह के वंशजों द्वारा हनुमान मंदिर के लिए भूमि पूजन किया गया। भगत सिंह छोटानागपुर राज के पहले महाराजा प्रताप उदय नाथ शाहदेव के सेनापति थे। उनके पोते लक्ष्मी सिंह ने 1955 में इस स्थान पर चबूतरा बनाकर हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की थी। इसके बाद यहां पर रेगुलर पूजा-पाठ होने लगा। उसी स्थान पर एक मंदिर को बनाने के लिए भूमि पूजन के साथ मंदिर निर्माण का काम भगत सिंह के परपोते विक्रम सिंह द्वारा शुरू किया गया है। मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद प्राण प्रतिष्ठा के बाद इस मंदिर को गांव को सौंप दिया जाएगा। भूमि पूजन के समय राजघराने से श्रीमती कल्पना सिंह, भगत सिंह के परिवार से बालक देवी, विक्रम सिंह, दामोदर सिंह और सज्जन सिंह के अलावा परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे। इसके साथ ही जेएमएम के महानगर अध्यक्ष अंतु तिर्की, हेमलाल मेहता, लालजी रमन, सुनील साहू, बसंत सिंह, लंकेश सिंह सहित कन्हैया सिंह उपस्थित थे।

माता मरियम की प्रतिमा चोरी, इसाई समुदाय आहत

पत्थलकुदवा में पदस्थापित माता मरियम की मूर्ति चोरी हो गई है। इस बाबत कैथोलिक महासभा के जेम्स आइंद के बयान पर लोअर बाजार थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

30 मई 2012 को स्थापित हुई थी प्रतिमा

जेम्स आइंद ने पुलिस को बताया है कि माता मरियम की उक्त प्रतिमा 30 मई 2012 को पदस्थापित की गई थी। इस प्रतिमा को 31 सौ रुपए में खरीदा गया था। बस्ती के लोग सुबह-शाम मोमबत्ती वगैरह जलाया करते थे। प्रतिमा चोरी होने के बाद इसाई समुदाय आहत है। लोगों ने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर असामाजिक तत्वों की तलाश में जुट गई है।