पंच तत्व में विलीन हुए पूर्व मंत्री सत्यप्रकाश मालवीय

शहर में निकाली गई शव यात्रा, हजारों ने अर्पित किया श्रद्धा सुमन

ALLAHABAD: पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ब्रिगेड के तेज तर्रार नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री व इलाहाबाद के पूर्व मेयर इलाहाबाद सत्य प्रकाश मालवीय पंचतत्व में विलीन हो गए। राजकीय सम्मान के साथ दारागंज घाट पर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। दारागंज घाट पर सैकड़ों लोग मौजूद थे।

अल्लापुर आवास पर अंतिम दर्शन

पूर्व मंत्री के अल्लापुर स्थित आवास से दारागंज तक हजारों लोग शव यात्रा में शामिल हुए, जिन्होंने श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पूर्व मंत्री के शव यात्रा व अंतिम संस्कार में कई पूर्व केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक व विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व मंत्री के नाती समर्थ शांडिल्य ने मुखाग्नि दी। अमेरिका में तूफान में फंसे होने के कारण पूर्व मंत्री की इकलौती बेटी संगीता शर्मा व दामाद अंतिम दर्शन नहीं कर सके। नई दिल्ली स्थित एक प्राइवेट हॉस्पीटल में शनिवार की देर रात मौत के बाद पूर्व मंत्री सत्यप्रकाश मालवीय का शव रविवार की देर रात अल्लापुर स्थित उनके आवास पर लाया गया। जहां लोगों ने अंतिम दर्शन करके श्रद्धा सुमन अर्पित किये। सोमवार की सुबह करीब दस बजे अल्लापुर से शव यात्रा विभिन्न इलाकों से दारागंज के लिए रवाना हुई।

फूलों से सजे वाहन पर पार्थिव शरीर

फूलों से सजे खुले वाहन में उनका पार्थिव शरीर रखा गया था। अंतिम यात्रा अल्लापुर से बालसन चौराहा, सिविल लाइंस, जानसेनगंज होते हुए चौक स्थित क्रांति के प्रतीक ऐतिहासिक इमली के पेड़ के पास पहुंची। जहां लोकनाथ व्यायामशाला के पदाधिकारी, चौक के व्यापारियों के अलावा उनके पैतृक आवास के आस-पास से भारी संख्या में लोग मौजूद थे, जिन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकनाथ, बहादुरगंज, बैरहना होते हुए अंतिम यात्रा दारागंज घाट पहुंची। जहां गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम बिदाई दी गई। कांग्रेस कमेटी की ओर से वरिष्ठ उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद डॉ। राजेश मिश्रा ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया।

मिट गयी दलों की दूरी

दारागंज घाट पर पद्मश्री गोविंद मालवीय, पूर्व कैबिनेट मंत्री शतरुद्र प्रकाश, सांसद श्यामाचरण गुप्त, सांसद नागेंद्र पटेल, वीरेंद्र मोहिले, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, पूर्व मंत्री राजेंद्र त्रिपाठी, सपा के पूर्व प्रदेश सचिव निर्मल सिंह, पूर्व विधायक गामा पांडेय, पूर्व विधायक गोपालदास यादव, पूर्व मंत्री रघुनंदन सिंह, विनोद चंद्र दुबे, हरिश्चंद्र मालवीय, किशोर वाष्र्णेय, मुकुंद तिवारी आदि मौजूद रहे।