मंत्री के आगे किया हंगामा, पुलिस ने किया भीड़ को काबू

सड़कों पर कूड़ा बन गए स्वच्छता अभियान के पोस्टर बैनर

मंत्री ने किया नगर निगम की योजनाओं का शिलान्यास

Meerut। स्वच्छता सर्वेक्षण 2019 में स्वच्छता रैली के माध्यम से सफलता का बिगुल फूंकने के लिए सोमवार को शहर में पहुंचे नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना की रैली शुरू होते ही मुश्किल में फंस गई। सफाई कर्मचारियों ने रैली के शुभारंभ से पहले ही नगर विकास मंत्री गाड़ी के आगे हंगामा करते हुए रैली में ब्रेक लगा दिए। मंत्री ने आश्वासन देकर हंगामा शांत कराया। वहीं शहरवासियों ने रैली दूरी बनाए रखी और खुद रैली में शामिल निगम कर्मचारी ही जगह जगह कूड़ा फैलाकर आयोजन का माखौल उड़ाते दिखे।

घंटों बैठे रहे स्कूली बच्चे

स्वच्छता रैली का नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने सर्किट हाउस से हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया। मंत्री के स्वागत के लिए भाजपाई सुबह से ही सर्किट हाउस में फूल मालाएं लेकर जुटे हुए थे। करीब तीन घंटा देरी से सर्किट हाउस पहुंचे मंत्री रैली का शुभारंभ कर जिमखाना की तरफ रवाना हो गए। उनके स्वागत में 26 स्कूलों के बच्चे, निगम कर्मचारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि सुबह 8 बजे से भूखे-प्यासे बैठे रहे। दोपहर बाद तक स्कूली बच्चों की हालत खराब हो गई।

आगे रैली, पीछे कूड़ा

मंत्री का स्वच्छता काफिला जैसे-जैसे आगे बढ़ता रहा, रैली के पीछे पंफलेट, स्लोगन पट्टी और बैनरों के कचरे का ढेर सड़क पर फैलना शुरू हो गया। इस दौरान सिविल डिफेंस के 150 सदस्यों ने शहर के विभिन्न मार्गो पर व्यवस्था संभालने का प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद रैली के दौरान शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही।

गाडि़यों की कतार

रैली के दौरान निगम की तरफ 50 से अधिक डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन गाडि़यों को सुबह से ही सर्किट हाउस के बाहर कतार में लगा दिया गया। ये मंत्री के काफिले में भीड़ बढ़ाने के लिए शामिल रही। ध्यान रहे कि शहर के 70 से अधिक वार्डो में अभी तक गाडि़यों की कमी के चलते कूड़ा कलेक्शन करने में निगम ने हाथ खडे़ कर रखे हैं। ऐसे में रात भर में आई गाडि़यों पर भी सवाल उठते दिखे।

स्वच्छता अभियान का हीरो

पुर्वा फैयाज अब्दुल करीम नगर के रिजवान उर्फ लिटिल मास्टर पुत्र इनाम को इस बार नगर निगम ने स्वच्छता अभियान का ब्रांड अम्बेसडर बनाया है। रिजवान भले ही साढ़े तीन फुट के हो, लेकिन वह बहुत मेहनती है, जिस कारण इस बार 31 वर्षीय रिजवान को निगम ने अपना ब्रांड अम्बेसडर बनाया है।

शिलान्यास व सम्मान

जिमखाना मैदान में स्वच्छता संदेश देते हुए मंत्री ने शहर के सभी गणमान्य नागरिकों, धर्म गुरुओं, समाज सेवी संस्थाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपकर योजना का शुभारंभ भी किया गया। सभा में स्वच्छता से संबंधी दस प्रमुख योजनाओं का मंत्री द्वारा शिलान्यास किया गया।

पार्षदों ने सौंपा ज्ञापन

भाजपा पार्षदों के प्रतिनिधि मंडल ने भी नगर विकास मंत्री को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने 200 स्वच्छता मित्रों की भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए भर्ती को निरस्त करने की मांग की।