टेंपो मालिकों के बीच हुआ था विवाद, एक अरेस्ट

ALLAHABAD: शिवकुटी की कांशीराम आवास योजना में सोमवार रात फायरिंग से दहशत फैल गई। खबर पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और फायरिंग करने वालों की खोजबीन शुरू की। एक युवक को दबोच लिया गया। विवाद दो टेंपो मालिकों के बीच लेनदेन का बताया जा रहा है।

आरोपी मेंहदौरी का है रहने वाला

पुलिस के मुताबिक कांशीराम आवास योजना के रहने वाले टेंपो मालिक शफीक का मेंहदौरी के नजमे से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। नजमे भी टेंपो चलवाता है। सोमवार रात नजमे, अरमान व तीन अज्ञात के साथ शफीक के घर पहुंचा। दोनों के बीच बहसाबहसी के बाद मारपीट होने लगी। खुद को घिरा पाकर नजमे के साथ आए युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक आधा दर्जन बार फायर किए गए। इंफार्मेशन मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और कांशीराम कालोनी पहुंची लेकिन तब तक फायरिंग करने वाले भाग चुके थे। पुलिस को मौके से चार खोखे मिले।

रात में ही चढ़ा एक पुलिस के हत्थे

पुलिस ने रात में ही नजमे के घर पर दबिश दी। वह घर पर नहीं मिला। पुलिस उसके ठिकानों पर दबिश डाल ही थी कि अरमान अपने घर के पास मिल गया। पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया है। नजमे व अन्य की तलाश जारी है।