ग्रह, नक्षत्र व राशियों का मेल

निकाय चुनावों में निगम के मेयर पद के लिए इस वक्त राजधानी से करीब 10 और पार्षद पदों के लिए 288 कैंडीडेट्स के भाग्य का फैसला 28 अप्रैल को होने वाले इलेक्शन में होगा। जाहिर है चुनाव की इस पारी को खेलने के लिए मैदान में उतरा हर कैंडिडेट जीत दर्ज करने की कोशिश में जुटा है। वोट मांगना और वादे करना तो आम बात है, लेकिन इन्हें ये भी चिंता सता रही है कि आखिर उनके ग्रह, नक्षत्र और राशियां क्या संयोग बना रही हैं। कैंडीडेट्स द्वारा सुबह-शाम भगवान के दर पर माथा टेकने के अलावा, गरीब-निर्धनों की सहायता करने, शनि दान, राहु, केतू का जप और मंगल पाठ भी खूब किया रहा है।

ज्योतिष शास्त्र पर है विश्वास

मेयर पद के लिए जिन कैंडीडेट्स ने टिकट लेकर किस्मत आजमाने का दांव खेला है। उनमें से बीजेपी के विनोद चमोली, कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना, बसपा की रजनी रावत, यूकेडी के मनमोहन लखेड़ा सहित तमाम उम्मीदवार ज्योतिष का सहारा लेते हुए अपने नफा-नुकसान के जोड़-तोड़ में समय बिता रहे हैं। हाल ऐसा ही पार्षद पदों के लिए चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों का है। वह भी अपनी हस्त रेखा, जन्म कुंडलियों में अपना राज योग टटोल रहे हैं। खास बात ये है कि शास्त्रियों द्वारा दिए जाने वाले ज्योतिषशास्त्र के मुताबिक, प्रत्याशी भाग्योदय की संभावना को लेकर चुनाव मैदान में अपनी जीत पक्की मान रहे हैं।

पार्टियों की राशियां

भाजपा - भाजपा की राशि धनु है। पार्टी के ग्रह नक्षत्रों के हिसाब से फिलहाल ये समय पार्टी के लिए सफलता भरा और धन लाभ के अलावा अच्छे अवसर प्राप्त होने व राज पक्ष का लाभ बताया गया है। लेकिन 31 मई तक उतार-चढ़ाव की संभावनाएं भी जताई गई हैं।

कांग्रेस -कांग्रेस पार्टी की राशि मिथुन है। बताया गया है कि धनलाभ अच्छा रहने के साथ ही पारिवारिक विवाद बढऩे व कटुता की संभावनाएं हैं। लेकिन सहयोग से कार्य सिद्ध होने, कार्यक्षेत्र में उन्नति और दैनिक व्यवसाय में अति व्यस्तता रहेगी। वहीं 29 मई तक स्थिति अपेक्षित रहने की कम संभावना है और परिणाम अनुकूल बताया गया है।

बसपा - वृष राशि वाली पार्टी के बारे में शिथिलता, लेकिन प्रगतिदायक। पारिवारिक प्रसन्नता बनती रहेगी। खर्च होंगे, पर आय प्राप्ति में बाधा नहीं रहेगी। अचानल लाभ की प्राप्ति, लोकप्रियता में प्रभाव, खर्चे अधिक व 24 अप्रैल से 4 मई तक दौड़भाग संभव है।

क्या कहती हैं नेताओं के ग्रह-नक्षत्र

मेष -इस साल की शुरुआत से ही इस राशि वाले नेताओं के काम में बाधाएं, परेशानियां, प्रशस्त मार्ग अवरुद्ध और तनावपूर्ण रहेगा। परिश्रम के बावजूद व्यस्तता रहेगी। सूझ-बूझ कर काम करने की जरूरत।

वृष -साल की शुरुआत से शिथिलता रहने की संभावना के अलावा पारिश्रमिक प्रसन्नता, धनराशि बढ़ेगी और खर्चे बढ़ेंगे। 24 अप्रैल से पांच मई तक दौड़भाग। किसी पर विश्वास कष्ट देगा। संयम बरतें।

मिथुन-प्रगति दायक, पारिवारिक सुख रहने के अतिरिक्त वाहन संचालन में संयम बरतने की आवश्यकता है। धन सम्मान भी ठीक रहेगा।

कर्क-साल की शुरुआत से अंत मंद गति से सफलता मिलेगी। 31 मई तक पारिवारिक प्रसन्नता और भाग्योदय होने की संभावना है। मित्रों व बंधु जनों के कार्यों से सिद्धि होगी।

सिंह-शुरुआत से ही साल प्रगतिदायक रहेगा। पारिवारिक प्रसन्नता, वृद्धि और सुख-संपन्नता, लेकिन समय बेवजह व्यतीत होगा।

कन्या-इस राशि वालों के लिए वैसे ये साल परिवर्तन वाला रहेगा, लेकिन प्रगति में बाधाएं, उलझन और असमंजस बरकरार रहेंगी।

तुला- ये साल प्रगतिदायक बताया गया है। नए योजनाएं क्रियान्वित होंगी। 24 अप्रैल से चार मई तक कार्यों में तेजी होगी, लेकिन अति उत्तेजना से बचें।

धनु-सफलता से भरा रहेगा। धन और लाभ के अलावा कार्यों में सफलता, आय के स्रोत में बढ़ोत्तरी, अचानक रुके कार्यों में सफलता भी नजर आएगी।

मकर-ये साल प्रगतिदायक है। परिवर्तन आने, कार्य क्षेत्र में प्रगति, लेकिन दैनिक जीवन में व्यस्तता बताई गई है।

कुंभ-ये साल लाभकारी व आय स्रोत से परिपूर्ण बताया गया है। परिवार में वृद्धि प्रसन्नता का वातावरण रहेगा।

मीन-शिथिलता के साथ प्रगति भी जारी रहेगी। शुभ कार्यों में व्यय जारी रहेगा।