-घर के आंगन में खेल रहा था चार साल का मासून

-10 घंटे बाद करीब आधा किलोमीटर दूर मिला शव

-घटना के बाद गांव और आस-पास के इलाके में दहशत

पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ जिले के चौना गांव में घर के आंगन में खेल रहे चार साल के एक मासूम को गुलदार उठा ले गया। बच्चे का क्षत विक्षत शव दस घंटे बाद करीब आधा किलोमीटर दूर मिला। घटना पिथौरागढ़ जिले की गणाई गंगोली तहसील के चौना गांव की है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत बनी हुई है।

रात करीब 9 बजे तेंदुए का हमला

चौना गांव में श्याम सिंह के घर में रविवार रात को उनकी पत्नी अंदर के कमरे में खाना बना रही थी, जबकि बच्चे बाहर के कमरे में खेल रहे थे। रात करीब नौ बजे घात लगाए बैठे गुलदार ने श्याम सिंह के चार वर्षीय पुत्र राज पर हमला बोला और उसे उठा ले गया। घटना से घर में कोहराम मच गया। जानकारी लगते ही पूरा गांव श्याम सिंह के घर पहुंच गया। बच्चे को बचाने के लिए ग्रामीण गुलदार के पीछे भागे, तेज बारिश के चलते तेंदुए का कुछ पता नहीं चला। रास्ते में बच्चे के खून से सने कपड़े मिले। सूचना मिलने पर आधी रात में वन विभाग की टीम गांव में पहुंची। सारी रात ढूंढ खोज के बाद भी मासूम राज का कुछ पता नहीं चल सका। सोमवार की सुबह गांव से लगभग 600 मीटर दूर मासूम का क्षत-विक्षत शव मिला।