Meerut:

डॉ। भीमराव अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम में डीजे बजाने को लेकर लिसाड़ी गांव में सांप्रदायिक तनाव हो गया। दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ पुलिस-प्रशासनिकअधिकारियों ने गांव में डेरा डाल दिया। दोनों पक्षों के साथ अधिकारियों ने बैठक कर मामला संभाला। फिलहाल गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

क्या है मामला

लिसाड़ी गेट थानाक्षेत्र के गांव लिसाड़ी में मंगलवार को डॉ। भीमराव अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इस दौरान युवकों ने चार जगहों पर डीजे लगाया हुआ था। इस बात का संप्रदाय विशेष के लोगों ने विरोध किया। मामला तूल पकड़ गया और दोनों संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। मौके पर मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद सीओ कोतवाली रूपेश सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सत्यप्रकाश राय और एसओ लिसाड़ी गेट रवेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। गांव में दोनों संप्रदाय के लोगों से बातचीत की गई। सीओ और सिटी मजिस्ट्रेट ने संप्रदाय विशेष के लोगों को बताया कि डॉ। भीमराव जयंती के अवसर पर चार जगहों पर डीजे बजाने की अनुमति ली हुई है। इस बात का संप्रदाय विशेष के लोगों ने विरोध किया और कहा कि जब गांव में डीजे और लाउडस्पीकर पर प्रतिबंध है तो प्रशासन ने अनुमति क्यों दी? हालांकि पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने मामला शांत करा दिया। गांव में पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है। पुलिस ने दोनो पक्षों के लोगों के साथ बैठक की।

गांव के लोगों में धार्मिक आयोजनों में ध्वनि यंत्रों का प्रयोग वर्जित करने पर समझौता हुआ था। पुलिस केवल इसलिए पहुंची ताकि कोई गलतफहमी न हो। सभी लोगों को समझा दिया गया है। फिलहाल स्थिति सामान्य है।

रूपेश सिंह

सीओ

कोतवाली