आबादी : 70000

वोटर : 30000

वार्ड संख्या 35

कई दिन तक सड़कों पर रहता है कूड़े का अंबार

ALLAHABAD: शहर के प्रमुख एरिया में शामिल ओम प्रकाश सभासद नगर वार्ड की हालत भी दूसरे वार्डो के जैसी ही है। सड़क पर कई दिनों तक लगने वाले कूड़े के ढेर से लोगों का जीवन नारकीय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार अधिकारियों से शिकायत के बाद भी समस्या जस की तस है। वार्ड के कई एरिया ऐसे हैं जहां कई दिन तक झाड़ू भी नहीं लगता।

सड़क

ओम प्रकाश सभासद मार्ग वार्ड के शहीद विजित सिंह मार्ग का निर्माण लंबे समय से अटका है। दूसरे कई एरिया भी ऐसे हैं, जहां टूटी सड़कें लोगों के चोटिल होने का कारण बनती हैं। संबंधित अधिकारियों से शिकायत के बाद भी इनके सुधार के लिए कोई कदम नहीं उठाया जाता।

पानी

वार्ड में कई एरिया ऐसे हैं, जहां पीने के पानी की सप्लाई या तो भगवानभरोसे है या इतना गंदा पानी आता है कि उसे पीना तो दूर उससे कपड़े धोने के बारे में भी सोचना पड़ता है। गंदे पानी की सप्लाई से बीमारियां होने का खतरा बना रहता है। हैंडपंप भी लंबे समय से खराब हैं।

सफाई

क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या गंदगी और कूड़े के अंबार की है। कूड़े के ढेर जहां-तहां लगे रहते हैं। इससे बीमारियों का खतरा रहता है। जहां बॉक्स हैं वहां भी कूड़ा समय से नहीं उठने के कारण सड़क पर फैल जाता है। हाल ये है कि दो से तीन महीनें में एक बार सफाईकर्मी नजर आते हैं।

नाला

एरिया में पानी की निकासी भी बड़ी समस्या है। नालियां जाम होने के कारण पानी की निकासी सही तरीके से नहीं हो पाती है। इससे अक्सर नाली का पानी सड़क पर बहता है। इसके कारण आने जाने वालों को भी कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

बिजली

बिजली की समस्या भी गंभीर है। यहां तक की रोड पर ही ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। इससे दुघर्टना की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत दर्ज करायी, लेकिन आज तक उसकी सुनवाई नहीं हो सकी। क्षेत्र में लगी स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी है।

वार्ड बोलता है

एरिया में सबसे अधिक समस्या समय से कूड़ा नहीं उठने के कारण होती है। कूड़े का अंबार लगा रहता है। जिससे बीमारियां बच्चों को अपना शिकार बना लेती हैं।

पूजा श्रीवास्तव

क्षेत्र में सड़कों की हालत बेहद खराब है। कई बार मरम्मत होती है, लेकिन सिर्फ काम चलाऊ तरीके से। इसकी वजह से कुछ महीनों के अंदर ही हालत पहले से भी अधिक बदतर हो जाती है।

पप्पू

क्षेत्र में रोड पर लगे कूड़े के अंबार के कारण उधर से गुजरना बेहद मुश्किल हो जाता है। सड़क पर फैली गंदगी के कारण आवारा जानवर उसे फैलाते है।

निहाल ठाकुर

समस्याओं को लेकर शिकायत कई बार की गई, लेकिन सुनवाई आज तक नहीं हुई। अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं, फिलहाल कोई बदलाव देखने को नहीं मिला।

अतुल श्रीवास्तव

पब्लिक डिमांड

सड़क पर जहां भी कूड़ा इकट्ठा करने की जगह है। वहां छुट्टा पशुओं का आतंक रोकने की व्यवस्था हो

जहां भी सड़कें टूटी हों, उनकी ठीक से मरम्मत कराई जाए, ताकि वे फिर से खराब न हों

कई एरिया में पीने का गंदा पानी सप्लाई में आता है। वहां साफ पीने के पानी की व्यवस्था हो

खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत होनी चाहिए

पार्षद चंद्रभान सिंह

पांच साल में आप ने कौन कौन से काम किए?

हाईकोर्ट में पीआईएल डाल कर क्षेत्र को आबादी घोषित कराया। इससे बड़े स्तर पर भूमाफियाओं पर अंकुश लगा। दस करोड़ रूपये से एडीए की तरफ से बारात घर का निर्माण, 100 रोड पर एक बिजली का सब स्टेशन पावर हाउस बनावाया। बरसाना में एक करोड़ 86 लाख की लागत और गोवर्धन कालोनी में दो रोड करीब दो करोड़ रुपए से अधिक की लागत से बनवाया। इसके अलावा द्वारिका कालोनी टू में रोड का काम जारी है। क्षेत्र में 92 लाख रुपए के कई लिंक मार्ग का निर्माण भी कराया गया है। इनमें से 11 सड़कों पर अभी भी काम चल रहा है।

आपके वार्ड की सबसे बड़ी समस्या क्या है?

कौशांबी मार्ग पर स्थित प्रजापति मार्केट से शुरू होकर कालिंदीपुरम् की तरफ जाने वाला नाला 12 साल से साफ नहीं हुआ है। इससे चारों तरफ दुर्गध बनी रहती है। सफाई नहीं होने से बारिस के समय नाला ओवर फ्लो होने की समस्या भी बनी रहती है। इसके साथ ही कालिंदीपुरम आवास योजना में तीन महीने से सफाई बंद है। हरी-भरी डोर टू डोर कूड़ा नहीं उठाती है। इससे क्षेत्र के लोगों को सबसे अधिक समस्या झेलनी पड़ती है।