कानपुर। लोकसभा चुनाव में दूसरे चरण में यूपी की 8 सीटों के लिए नामांकन पत्रों की जांच में 45 नामांकन निरस्त हुए हैं। अब 136 उम्मीदवारों में 91 प्रत्याशी बचे हैं। इसमें नगीना, अमरोहा, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, मथुरा, आगरा और फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट शामिल हैंं। पहले चरण की तरह दूसरे चरण के लिए भी बीजेपी, कांग्रेस और सपा-बसपा व रालोद के महागठबंधन ने हर सीट पर जबरदस्त व नामी प्रत्याशियों को उतारने की कोशिश की है।

मथुरा

मथुरा लोकसभा सीट पर बीजेपी ने एक बार फिर अभिनेत्री हेमा मालिनी धर्मेंद्र देओल पर भरोसा जताया है। सांसद हेमा मालिनी बीजेपी की ओर से दूसरी बार चुनावी मैदान में उतरी हैं। वहीं उनके सामने यहां पर कांग्रेेस की ओर महेश पाठक तैयार हैं। चर्चा है कि कांग्रेस ने दूसरी बार महेश पाठक पर दांव खेला है। इसके पहले वह 2004 का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर हार चुके हैं। वहीं इन बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों का मुकाबला करने के लिए  महागठबंधन प्रत्याशी नरेंद्र सिंह मैदान में उतर चुके है।

फतेहपुर सीकरी

फतेहपुर सीकरी की सीट भी मुकाबला काफी रोमांचक होगा। बीजेपी ने यहां पर राजकुमार चाहर को मैदान में उतारा है तो कांग्रेस ने भी अभिनेता राज बब्बर को टिकट दिया है। पहले कांग्रेस ने राज बब्बर को मुरादाबाद सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला लिया था लेकिन बाद में सीट बदल दी थी। वहीं महागठबंधन ने श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित (बसपा) को प्रत्याशी घोषित किया है ।

आगरा

वहीं आगरा लोकसभा सीट पर बीजेपी के सत्यपाल सिंह बघेल का मुकाबला कांग्रेस की प्रीता हरित से होगा। वहीं महागठबंधन ने मनोज कुमार सोनी (बसपा) को मजबूत दावेदार के रूप में उतारा है।

नगीना

यूपी की नगीना लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी के रूप में यशवंत सिंह चुनावी मैदान में उतरे हैं। वहीं उनके सामने कांग्रेस की ओर से ओमवती देवी तो महागठबंधन के गिरीश चंद्र (बसपा) से उतरे हैं।

अमरोहा

अमराेहा सीट पर भी बीजेपी कांग्रेस और महागठबंधन ने जबरदस्त प्रत्याशी उतारे हैं। यहां बीजेपी के कंवर सिंह तंवर, कांग्रेस के सचिन चौधरी तो महागठबंधन के कुंवर दानिश अली (बसपा) टकराने को तैयार हैं।

बुलंदशहर

बुलंदशहर पर बीजेपी के भोला सिंह तो कांग्रेस के बंशी सिंह चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। वहीं इन लोगों को टक्कर को देने के लिए महागठबंधन के योगेश वर्मा (बसपा) भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

अलीगढ़

अलीगढ़ लोकसभा सीट की बात करें तो यहां पर बीजेपी के सतीश कुमार गौतम से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के बीजेंद्र सिंह ताल ठाेक रहे हैं। वहीं महागठबंधन की ओर से अजीत कुमार (बसपा) उतरे हैं।

हाथरस

हाथरस लोकसभा सीट पर भी मुकाबला काफी रोमांचक होगा। यहां पर बीजेपी के राजवीर दिलेर के सामने कांग्रेस के त्रिलोकी राम उतरे हैं। वहीं महागठबंधन ने रामजी लाल सुमन (सपा) को मजबूत दावेदार के रूप में उतारा है।

लोकसभा क्षेत्रबीजेपीकांग्रेसमहागठबंधन
नगीनायशवंत सिंहओमवती देवीगिरीश चंद्र (बसपा)
अमरोहाकंवर सिंह तंवरसचिन चौधरीकुंवर दानिश अली (बसपा)
बुलंदशहरभोला सिंहबंशी सिंहयोगेश वर्मा (बसपा)
अलीगढ़सतीश कुमार गौतमबीजेंद्र सिंहअजीत कुमार (बसपा)
हाथरसराजवीर दिलेरत्रिलोकी रामरामजी लाल सुमन (सपा)
मथुराहेमा मालिनी धर्मेंद्र देओलमहेशनरेंद्र सिंह (रालोद)
आगरासत्यपाल सिंह बघेलप्रीता हरितमनोज कुमार सोनी (बसपा)
फतेहपुर सीकरीराजकुमार चाहरराज बब्बरश्रीभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित (बसपा)