लोनिवि के अपर मुख्य सचिव ने जिले के अधिकारियों के साथ की बैठक

ALLAHABAD: यमुना ब्रिज से नैनी एरिया तक रोज जाम की समस्या से जूझ रहे शहरियों के लिए राहत की खबर है। कई कई किमी लम्बा जाम झेल रहे लोगों के लिए ब्रिज पर जाम का सबब बने टोल प्लाजा को जल्द ही हटाने की योजना है। इसे पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा और टोल प्लाजा को शहर के बाहर किसी दूसरे स्थान पर स्थापित किया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को अपर मुख्य सचिव लोक निर्माण विभाग संजय अग्रवाल ने सर्किट हाउस में जिले के अधिकारियों के साथ कुंभ कार्यो की चर्चा व यातायात परिवहन की समस्याओं को देखते हुए लिया।

अक्टूबर तक पूरा करें कार्य

अपर मुख्य सचिव ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ वाराणसी-हण्डिया, वाराणसी-मिर्जापुर रोड, लखनऊ-रायबरेली रोड, फैजाबाद-प्रतापगढ़ व इलाहाबाद रोड पर चल रहे निर्माण कार्यो पर मंथन किया। श्री अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि सभी राजमार्गो पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य अक्टूबर महीने तक पूरा कर लिया जाए।

नो इंट्री के समय में भी फेरबदल

यमुना ब्रिज से नैनी एरिया तक जाम की समस्या से लोग जूझ रहे थे तो शहरी इलाकों में भी लगातार लगने वाले जाम से मुश्किलें बढ़ रही थीं। बैठक में इस समस्या से भी छुटकारा दिलाने का निर्णय लिया गया। अपर मुख्य सचिव ने नो इंट्री का समय सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक करने का निर्देश दिया। बैठक में कमिश्नर डॉ। आशीष कुमार गोयल, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरण आनंद, डीएम सुहास एलवाई सहित लोक निर्माण विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।