ससुराल से लौट रहा था वह

मुकेश पुत्र वीरेंद्र अपनी ससुराल खेरा भोपुर से पत्नी के साथ बाइक से सैटरडे को अपने गांव भाई मलपुरा आ रहा था। किरावली बाजार में पहुंचने पर बाइक सवार दो लुटेरों ने उसे रोक लिया। उससे पर्स और अन्य सामान छीनने की कोशिश की। जब मुकेश ने इसका विरोध किया, तो लुटेरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसकी पत्नी ने शोर मचा दिया। ये देख लुटेरों के होश उड़ गए। उन्होंने मुकेश में गोली मार दी। दिनदहाड़े गोली की आवाज सुनकर एरिया में दहशत फैल गई। लोगों में हड़कंप मच गया। मुकेश गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़ा। इस दौरान कुछ लोगों ने मुकेश को आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया।

कॉलेज से दबोचे लुटेरे

गोली की आवाज सुनकर लोगों ने लुटेरों का पीछा शुरू कर दिया। दोनों लुटेरे पास ही स्थित जीएसके इंटर कॉलेज में घुस गए। लोगों ने कॉलेज को घेर लिया। वहां से गुजर रहे थाना कागारौल एसओ सुधीर कुमार लोगों की भीड़ देखकर वहां रुक गए। लोगों की भीड़ देख एक लुटेरे ने दीवार कूदकर भागने की कोशिश की लेकिन, एसओ की मदद से लोगों ने उसे दबोच लिया। इसके बाद दूसरा लुटेरा भी पकड़ में आ गया। दोनों की जमकर पिटाई की। उनके पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एक हफ्ते में तीसरी वारदात

थाना अछनेरा में लूट की यह तीसरी वारदात है। इससे पहले लुटेरों ने तीन जून को एक ट्रक चालक को गोली मार दी थी। बाद में ग्रामीणों की मदद से लुटेरों को दबोच लिया गया था। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरी घटना सात जून को हुई, जब बदमाशों ने तेज शू फैक्ट्री के मैनेजर से लूट लिया। सैटरडे को लुटेरों ने तीसरी घटना को अंजाम दिया।