- साढ़े तीन लाख की आठ किलो चांदी लूटी

आगरा। सर्राफा व्यवसाय पर बदमाशों का साया छाया हुआ है। मंगलवार को एक और सर्राफा व्यवसाय से जुड़े को बदमाशों ने निशाना बनाया। वह भी दिनदहाड़े। एक सर्राफा कारीगर को गोली मारकर 8 किलो चांदी लूट ले गए। कारीगर का इलाज एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है। वह खतरे से बाहर है। हालांकि घटना में पीडि़त पक्ष के बदलते बयान पुलिस को संदिग्ध लग रहे हैं।

पहले से घात लगाए बैठे थे बदमाश

जिला हाथरस, थाना सादाबाद, चौकी बिसावर निवासी पदम सिंह (36 वर्ष) पिता अरदम सिंह पेशे से चांदी का कारीगर है। वह सर्राफा व्यवसायियों के आर्डर पर अपने घर पर ही चांदी के घुंघुरू बनाता है। वह मोटर साइकिल से मंगलवार दोपहर को किनारी बाजार स्थिति ऋषभ ज्वै‌र्ल्स गुड्डू के यहां से 8 किलो चांदी लेकर घर वापस जा रहा था। युमना कैलाश पुल पर तीन अपाचे में छह लोग घात लगाए बैठे थे। पदम सिंह के दोपहर 3.30 बजे पुल पर पहुंचते ही उसे रोका और पीठ पर टंगे चांदी से भरा बैग छिनने लगे। पदम भागा, तो बदमाशों ने फायर कर दिया, गोली हाथ में लगी। बदमाश चांदी छीनकर फरार हो गए।

आनन-फानन में बल्देव ट्रांसफर किया केस

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल पदम सिंह को नजदीक के ही एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। घायल पदम सिंह ने पुलिस को हॉस्पिटल में घटना की आपबीती बताई और अपना बयान दर्ज कराया। इस बीच परिजन और गांव के लोग भी पहुंच गए। घटना मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में हुई, तो सिकंदरा पुलिस ने मामला दर्ज करके बलदेव थाना को केस ट्रांसफर कर दिया है।

एसएसपी मौके पर पहुंचे

सर्राफा व्यवसायी से लूट की सूचना चारों ओर फैली। सिकंदरा पुलिस 5 मिनट में घटना स्थल पहुंच गई। इसके तत्काल बाद एसएसपी, सिटी एसपी, एएसपी भी घटना स्थल कैलाश पुल पर पहुंच गए। घटना की जानकारी ली, तो घटना स्थल की सीमा मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र की मिली। आगरा पुलिस ने घायल को हॉस्पिटल में भर्ती कराके केस बलदेव थाना को सौंप दिया है।

सीमा विवाद में उलझा मामला

घटना कैलाश पुल पर हुई। इसका आधा क्षेत्र आगरा और आधा मथुरा की सीमा पर आता है। घटना दोनों सीमाओं के बीच हुई। हालांकि सिकंदरा पुलिस फोर्स पुल के नजदीक होने के कारण तत्काल पीडि़त तक पहुंच गई और पीडि़त को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। लेकिन हॉस्पिटल में एफआईआर दर्ज करने को लेकर मथुरा और आगरा में सीमा विवाद चलता रहा। पुलिस का कहना था कि घायल बलदेव सीमा पर था। एसएसपी भी घटना स्थल तक पहुंचे थे। उन्होंने भी घटना स्थल का मुआयना किया और सीमा मथुरा की दर्शाई गई। फिर मथुरा के बलदेव थाना में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस से झड़प

पुलिस ने पदम सिंह का मोबाइल भाई हुकुम सिंह से मांगा, जिससे फोन की कॉलिंग को ट्रेस किया जा सके। हुकुम सिंह ने एसआई अश्विनी दुबे को मोबाइल देने से मना कर दिया। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस को मोबाइल दिया।

लाइसेंसी रिवाल्वर घर में ही छोड़ दी

भाई हुकुम सिंह ने बताया कि पदम सिंह के नाम पर लाइसेंसी रिवॉल्वर है। वह लेकर चलता था, लेकिन मंगलवार को रिवॉल्वर लेकर नहीं आया था।

बाक्स

घायल और भाई के बयान में मतभेद

घायल पदम सिंह और भाई हुकुम सिंह दोनों के ज्वै‌र्ल्स की दुकान से सामान लेने के बयान में मतभेद है। घायल ने पुलिस को बताया कि ऋषभ ज्वै‌र्ल्स गुड्डू की दुकान से आठ किलो चांदी और अन्य सामान लेकर आ रहा था। लेकिन भाई हुकुम सिंह ने बताया कि हड़बड़ाहट में बयान दिया गया है, 8 किलो चांदी अन्नू वशिष्ठ के यहां से ला रहा था। पुलिस को दोनों के बदले बयानों से मामला संदिग्ध लग रहा है।