- बगहावीर बाबा मंदिर के पास हुई घटना

- कौड़ीराम से सप्लाई देकर लौट रहे थे गोरखपुर

GORAKHPUR:

बेलीपार एरिया में बगहावीर बाबा मंदिर के पास माल वाहक के टेंपो ड्राइवर को गोली मारकर बदमाशों ने 45 हजार लूट लिया। पीठ में गोली लगने से घायल ड्राइवर को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

सामान पहुंचाने गए थे कर्मचारी

कैंट एरिया के तारामंडल निवासी विपुल सिंह घरेलू सामानों के डिस्ट्रीब्यूटर हैं। तिवारीपुर, सूरजकुंड निवासी कश्यप उनकी फर्म में ड्राइवर है। एकला बाजार का सुनील पासवान हेल्पर है। रविवार की सुबह सुबह करीब 11 बजे श्याम और सुनील मालवाहक टेंपो से माल लेकर कौड़ीराम में सप्लाई देने गए थे। रात करीब आठ बजे दोनों गोरखपुर लौटने लगे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा कर लिया।

गाड़ी न रोकने पर मारी गोली

बाइक सवार बदमाशों ने टेंपो रोकने की कोशिश की। श्याम कश्यप के विरोध करने पर बदमाशों ने उसके पीठ में गोली मार दी। कलेक्शन के 45 हजार रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद सुनील ने मालिक विपुल सिंह को घटना की जानकारी दी। राहगीरों की मदद से पुलिस को वारदात के बारे में बताया। विपुल सिंह भी पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सुनील से जानकारी लेकर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उनको जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

ब्रजेश सिंह, एसपी ग्रामीण