- लुटेरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही पुलिस

- सीसीटीवी फुटेज से भी नहीं मिल पा रही मदद

GORAKHPUR: शहर में एक्टिव लुटेरों पर पुलिस लगाम नहीं कस पा रही। बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देने में लगे बदमाश किसी को कहीं भी निशाना बना सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की तस्वीर कैद होने के बावजूद पुलिस उनको अरेस्ट करने में नाकाम है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की तलाश में टीम लगी है। जल्द ही लुटेरों को दबोचकर जेल पहुंचा दिया जाएगा।

फुटेज देख भी नहीं कर पा रहे तलाश

त्योहारी सीजन करीब आने पर बदमाशों की सक्रियता ज्यादा बढ़ जाती है। बैंक से लेकर बाजार तक रेकी करने वाले बदमाश मौका मिलने पर किसी से भी लूटपाट कर लेते हैं। लूटपाट के अलावा बदमाश मौका मिलने पर झांसा देकर नकदी और गहने उड़ा दे रहे हैं। हाल के दिनों में शहर के भीतर हुई लूट में शामिल बदमाश सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। लेकिन फुटेज देखकर भी पुलिस उनको अरेस्ट नहीं कर पा रही है। शाहपुर एरिया के पादरी बाजार मोहल्ले में महिला से एक लाख रुपए की लूट करने वालों की फुटेज लेकर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर पा रही। इसके पहले कैंट एरिया के दाउदपुर मोहल्ले में एक अस्पताल के कर्मचारियों से बदमाशों ने सात लाख रुपए लूटे थे।

त्योहार में सक्रिय हो जाते हैं बदमाश

त्योहार करीब आने पर बदमाश सक्रिय हो जाते हैं। हर साल दशहरा और दीपावली करीब आने पर लूटपाट की घटनाएं होती हैं। देवी-देवताओं के चमत्कार, नकदी दो गुना करने, ज्वेलरी चमकाने सहित कई बहाने कर बदमाश लोगों को शिकार बनाते हैं। बैंक से बाजार जाने वाले लोगों पर बदमाशों की पैनी नजर रहती है। बैंक परिसर में रेकी करने वाले बदमाश रास्ते में लोगों को अपना शिकार बनाकर फरार हो जाते हैं। वर्ष 2016 में बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक लोगों से लूटपाट की थी।

बॉक्स

नेता पर पुलिस की नजर

शहर में लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक नेता पर पुलिस की नजर है। पुलिस का कहना है कि नेता की सरपरस्ती में बदमाश वारदातें कर रहे हैं। शहर में हुई घटनाओं की छानबीन में पुलिस को ऐसे क्लू मिले हैं। पुख्ता सबूत के आधार पुलिस नेता पर कार्रवाई करने की तैयारी में लगी है। पुलिस से जुड़े लोगों का कहना है कि बदमाशों को संरक्षण देने, उनसे वारदात कराने सहित कई गंभीर मामलों में नेता भी जेल भेजा जाएगा।

यह बरतें सावधानी

- बैंक से नकदी निकालने में गोपनीयता बरतें।

- ज्यादा रकम लेकर आने-जाने में पुलिस को सूचना दें।

- किसी तरह के चमत्कार से लाभ दिलाने वालों से बचें।

- बाजार जाते समय किसी अंजान के बहकावे में न आएं।

- घर, कॉलोनी, मोहल्ले में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।

- कोई वारदात होने पर पुलिस को फौरन सूचना दें।

यह हुई हैं वारदातें

11 सितंबर 2017- शाहपुर एरिया के पादरी बाजार में महिला से एक लाख रुपए की लूट

07 सितंबर 2017- खजनी एरिया के खजुरी चौराहे पर ज्वेलरी शॉप में लूटपाट

03 सितंबर 2017- झंगहा के मोतीराम अड्डा में रिटायर्ड जूनियर इंजीनियर से 70 हजार की लूट

14 अगस्त 2017- कैंट एरिया के दाउदपुर मोहल्ले में अस्पताल कर्मचारियों से सात लाख की लूट

वर्जन

शहर में लूटपाट करने वाले बदमाशों की तलाश कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। त्योहारों पर बाजार और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी।

- आलोक शर्मा, एसपी क्राइम