बैंक से नकदी निकालकर लौट रही थी घर

खोराबार एरिया के सिक्टौर गांव की घटना

GORAKHPUR: शहर में सक्रिय बदमाशों ने सोमवार को बैंक से घर लौट रही महिला से 50 हजार रुपए लूट लिए। खोराबार एरिया के सिक्टौर बाजार में हुई घटना से सनसनी फैल गई। महिला की सूचना पर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है। नया मकान बनवाने के लिए महिला बैंक से रुपए निकालकर महिला घर लौट रही थी।

परदेस में रहकर कमाते हैं बेटे

सिक्टौर गांव के भिक्खू प्रसाद के दो बेटे चेन्नई में रहकर कमाते हैं। कुछ दिन पहले बड़ा बेटा प्रदीप घर लौटा है। घर आने पर उसने मकान का निर्माण शुरू कराया। प्रदीप की मां डुगुरी देवी का बैंक एकाउंट रामगढ़ताल की पीएनबी ब्रांच में है। सोमवार की दोपहर एकाउंट से नकदी निकालने के लिए महिला बैंक गई। 50 हजार रुपए निकालकर उसने झोले में रख लिया।

टेंपो से उतरते ही मारा झपट्टा

तारामंडल में टेंपो पकड़कर महिला सवार हो गई। अपने गांव के सामने पहुंचकर महिला टेंपो उतरकर पैदल जाने लगी। तभी बाइक सवार दो युवक पहुंचे। झपट्टा मारकर महिला का झोला लूट लिया। महिला कुछ समझ पाती। इसके पहले बदमाश तेजी से फरार हो गए। बदमाशों के भागने पर महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। गांव के लोगों के जुटने पर पुलिस को सूचना दी गई। झोले में महिला का आधार कार्ड, पासबुक और कई कागजात थे। महिला ने पुलिस को बताया कि एक युवक हेलमेट पहने था। दूसरे ने गमछे से अपना मुंह बांध रखा था।

महिला से नकदी लूटने की सूचना मिली थी। केस दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

अभय कुमार मिश्र, सीओ कैंट