RANCHI: राजधानी में भले ही पुलिस वारदातों को रोकने की लाख कोशिश कर ले, लेकिन अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। अपराधी पूरी तरह बेखौफ हो गए हैं। ताजा मामला नगड़ी इलाके का है, जहां अपराधियों ने एफसीआई के कर्मचारियों से दिनदहाड़े एक लाख साठ हजार रुपए लूट लिये।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, एफसीआई के दो ठेकेदार कर्मचारी संतोष व्यास और अश्वनी कुमार रांची से पैसे लेकर नगड़ी के एफसीआई गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान कतरपा गांव के पास स्कूटी सवार दो अपराधियों ने इन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। ये लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही दोनों अपराधियों ने इन्हें गन प्वाइंट पर ले लिया। दोनों ने पिस्तौल तान दी और पैसे मांगने लगे। इसके बाद दोनों कर्मचारी डर गए और पैसों से भरा बैग अपराधियों को दे दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी इटकी मोड की तरफ फरार हो गए।

अपरधियों की तलाश में जुटी पुलिस

लूट के बाद दोनों कर्मचारियों ने अपने ठेकेदार को मामले की जानकारी दी। इसके बाद उसने नगड़ी पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अलग-अलग टीम बनाकर अपराधियों को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि, अभी तक उन्हें कोई सफलता नहीं मिली है।

पुलिस पर उठ रहे सवाल

बुधवार को अपराधियों ने रांची के तीन पेट्रोल पंपों पर दो घंटे के अंदर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। अभी तीनों लूट कांड के अपराधी गिरफ्तार भी नहीं हुए कि एक और लूट की वारदात सामने आ जाने से रांची पुलिस पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।