- चार फाटक ओवरब्रिज की घटना

- थाना विवाद में नहीं दर्ज हुआ केस

GORAKHPUR: पुलिस की वर्दी में बदमाशों ने फाइनेंस कर्मचारी का अपहरण करके लूट लिया। कर्मचारी की बाइक, नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटना बुधवार की देर रात करीब 10 बजे चारफाटक ओवरब्रिज पर हुई। घटनास्थल के विवाद में उलझी कैंट और शाहपुर थानों की पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया।

खोराबार एरिया के जंगल सिकरी, सैन्य कुंज निवासी शशांक दुबे फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी है। उनका ऑफिस शाहपुर के असुरन चौक पर है। सोमवार की रात वह दफ्तर से घर लौट रहे थे। चारफाटक ओवरब्रिज पर पहुंचे तभी दो बाइक सवार चार लोगों ने उनको रोक लिया। इनमें दो पुलिस की वर्दी में थे। चारों ने खुद को क्राइम ब्रांच में तैनात पुलिस कर्मचारी बताया। पुलिसवालों को देखकर वह रुक गए।

पिटाई भी की

वर्दी वाले बदमाशों ने फाइनेंस कर्मचारी को जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया। विरोध जताने पर मोहद्दीपुर पुलिस चौकी पर बात करने को कहा। लेकिन बदमाशों ने गाड़ी मोड़ दी। बिछिया कॉलोनी स्थित बालक इंटर कॉलेज की गली में ले गए। वहां शशांक की पिटाई करके 18 हजार रुपए, दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। राहगीरों की मदद से शशांक ने पुलिस को सूचना दी। शाहपुर और कैंट पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन घटनास्थल को पुलिस विवाद में पड़ी रही।

मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल कैंट थाना क्षेत्र में है। इसलिए कैंट पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।

हेमराज मीणा, एसपी सिटी