शिकायत पर एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच का निर्देश दिया

ALLAHABAD: पहले दोस्ती की। दोस्ती प्यार में बदली। फिर शादी का झांसा दिया और लूट ली आबरू। बाद में वादे से मुकरा तो पीडि़त थाने पहुंची। पुलिस कुछ सुनने को तैयार नहीं हुई तो इंसाफ की उम्मीद में एसएसपी की चौखट पर पहुंची। एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच का निर्देश दिया है। अब पुलिस आरोपी को ढूंढ़ रही है। प्यार के नाम पर धोखा की यह कहानी जार्जटाउन थाना क्षेत्र की है।

रेस्टोरेंट संचालक है आरोपी

पुलिस के मुताबिक महिला अनाथ है। जार्जटाउन एरिया स्थित कोऑपरेटिव चौराहा के पास रहने वाले एक व्यक्ति ने उसे गोद लिया। बालिग होने पर उसकी शादी राजापुर निवासी युवक से की। पिता के घर थी तभी उसका संपर्क जार्जटाउन थाना के पीछे रेस्टोरेंट संचालक शुभम से हो गया था। आरोप है कि शुभम ने शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। उसने मेवालाल की बगिया और गंगोत्री नगर में किराए के मकान में महिला को दो साल तक साथ रखा। इस बीच कई बार रेप किया। महिला ने शादी का दबाव बनाया तो मना कर दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष जार्जटाउन सर्वेश कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर मुकदमा लिखकर जांच की जा रही है। महिला की उम्र करीब 32 जबकि रेस्टोरेंट संचालक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। महिला ने पति के खिलाफ तलाक का एप्लीकेशन कोर्ट में दे रखा है। फिलहाल फरार आरोपित शुभम की तलाश की जा रही है।