-रथ को खींच पुण्य कमाने की होड़

- जनरलगंज से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

- लाखों की संख्या में जुटे भक्त

kanpur@inext.co.in

KANPUR। शनिवार को भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा बड़ी धूम-धाम से निकाली गई। जिसमें लाखों की संख्या में भक्तों ने हिस्सा लिया। हर कोई रथ को खींचकर पुण्य कमाना चाह रहा था। वहीं जनरलगंज स्थित जगन्नाथ मंदिर में सुबह से ही दर्शन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।

चारों ओर गूंजे भगवान के जयकारे

भगवान जगन्नाथ जी की रथयात्रा के दौरान चारों ओर भगवान के जयकारे गूंज उठे। भक्त भगवान की भक्ति में रमे नजर आए। जगन्नाथ मंदिर बाई जी से रथ यात्रा शाम को 4.30 बजे काहू कोठी, नयागंज, हूलागंज, भूसाटोली, जनरलगंज, मनीराम बगिया, चौक, कोतवाली होते हुए शिवाला आई। यहां से भगवान की रथ यात्रा सरसैय्या घाट पहुंची। वापसी में संगमलाल मंदिर, कमला टॉवर, लाठी मोहाल होते हुए यात्रा ने पूर्ण विराम लिया। रास्ते में जगह-जगह सामाजिक संगठनों के स्टाल लगे थे। जहां पानी और शर्बत वितरण चलता रहा। कहीं-कहीं भण्डारे का भी आयोजन किया गया।

मनोरम झांकियां निकली

भगवान जगन्नाथ जी बहन सुभद्रा और बलभद्र के साथ स्वर्ण श्रृंगार करके रजत जडि़त सिंहासन पर विराजमान होकर निकले। रथयात्रा प्रबंध समिति मंदिर बाई जी के नेतृत्व में 15 झांकियां निकलीं। जिसमें बिहारी जी झांकी, दुर्गा जी, राम दरबार, गणेश जी, शंकर-पार्वती जी आदि की मनोरम झांकियां थीं। यात्रा में ज्ञानेंद्र विश्नोई, मोहनलाल गुप्ता, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, श्याम महेश्वरी, राजेश कुमार ओमर, रामचंद्र गुप्ता आदि लोग मौजूद रहे।

भक्तों ने किए दर्शन

जगन्नाथ मंदिर बाई जी, श्री जगन्नाथ महाराज बिरजू भगत, श्री उमा जगदीश मंदिर में सुबह 6 बजे ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। शाम तक मंदिरों में भगवान के दर्शन लेने व प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा।