- हंसिए से किया वार, घायल कांवडि़यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

- गुस्साए कांवडि़यों ने जाम कर दिया रोड, पुलिस ने किसी तरह जाम खोलवाया

बरेली: बदायूं स्थित अरिल नदी के पुल समीप भितारा मोड़ एक हिस्ट्रीशीटर ने नल पर पानी भरने के विवाद में कांवडि़यों पर हंसिया से हमला कर दिया, जिसमें कई कांवडि़ए गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बरेली के बमनपुरी से गया कांवडि़यों का यह जत्था कछला से जल लेकर वापस लौट रहा था। घटना के बाद कांवडि़यों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया।

पानी भरने को हुआ विवाद

कांवडि़यों का यह जत्था संडे को कछला से जल भर कर लौट रहा था। अरिल नदी के पुल समीप भितारा मोड़ के पास बने मन्दिर कांवडि़ए विश्राम करने लगे। इसी दौरान कुछ कांवडि़ए नल से पानी लेने चले गए। तभी नल के पास मौजूद युवक से कांवडि़यों का विवाद हो गया। तभी युवक ने हंसिए से कांवडि़यों पर हमला बोल दिया, जिससे रिंकू रस्तोगी बवनपुरी, आकाश यादव मढीनाथ व राजेन्द्र यादव घायल हो गए। कांवडि़यों को पिटता देख अन्य कांवडि़ए मौके पर पहुंच गए और युवक को पीटने लगे। वहीं गुस्साए कांवडि़यों ने रोड जाम कर दिया। सूचना पर विनावर और भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची। बदायूं के पुलिस अधिकारी पीएसी के साथ आ गए। उन्होने कांवरिड़यों से जाम खोलने कहा जिस पर कांवडि़ए हंसिया मारने वाले को गिरफ्तार करने पर अड़े रहे। एसओ विनावर ने घायल कांवडि़यों को अस्पताल में भर्ती कराया और किसी तरह से जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने बताया कि हमला करने वाला युवक बरेली के मोहल्ला कटघर का रहने बाला होरी लाल यादव है, जो हिस्ट्रीशीटर भी है।