- इस वर्ष कार्तिक माह का प्रारम्भ मंगलवार और अंत बुधवार को होना विशेष संयोग

- इस माह गंगा स्नान व तीर्थयात्रा का विशेष फल मिलता है

KANPUR : हिन्दू माह का सबसे महत्वपूर्ण माना जाने वाला कार्तिक महीना मंगलवार से शुरू हो गया। इस वर्ष यह माह विशेष संयोग लेकर आया है। वैदिक ग्रंथों के मुताबिक कार्तिक माह में गंगा स्नान व तीर्थयात्रा करने का विशेष फल मिलता है। मान्यता है कि इस माह भगवान विष्णु कृपा बरसाते हैं।

शास्त्रों में वर्णित है कि

कार्तिक माह का प्रारम्भ शरद पूर्णिमा से हो जाता है। ज्योतिषाचार्य पं। दीपक पाण्डेय ने बताया कि शास्त्रों में वर्णित है कि कार्तिक का महीना नहान का है। इस महीने में नदी, सरोवर और कुएं पर स्नान करने का विशेष प्रभाव है। श्रद्धालुओं को चाहिए कि नदी, सरोवर में प्रवेश करने के पूर्व हाथ पैर धोएं और तट स्पर्श करके माथे पर लगाएं फिर स्नान के लिए जाएं। इस माह में जौ, गेहूं, मूंग, दूध, दही और घी का त्याग करना चाहिए अथवा एक समय ही भोजन करने से विशेष फल मिलता है। इस महीने करवाचौथ, धनतेरस, दीपावली, यम द्वितीया जैसे बड़े पर्व होते हैं। कार्तिक पूर्णिमा गंगा नहान का भी एक बड़ा पर्व होती है।

इस बार विशेष संयोग है

इस बार कार्तिक माह का प्रारम्भ मंगलवार से होना और बुधवार को खत्म होना विशेष संयोग है। प्रारम्भ भरणी नक्षत्र और अश्वनि नक्षत्र में होना भी अच्छा संकेत दे रहा है। भगवान विष्णु देश पर कृपा बरसाएंगे।