RANCHI : अब पूरी रांची में मेकेनाइज्ड क्लीनिंग होगी। यानी आपके घर से कचरा उठाने गाडि़यां पहुचेंगी। ऐसे में अब लोगों को अपने घरों के बाहर कचरा लेकर खड़ा रहना होगा। जिंगल्स बजाती हुई नगर निगम की गाडि़यां आपके घर के बाहर पहुंचेंगी। जिसमें आपको खुद से कचरा डालना होगा। रांची नगर निगम ने एस्सेल इंफ्रा की एमएसडब्ल्यू के बेहतर काम को देखते हुए टर्मिनेशन से बाहर कर दिया है। वहीं, सिटी के सभी 53 वार्डो में काम के लिए भी हरी झंडी दे दी है।

अब तक 22 वार्डो में हो रहा था काम

एमएसडब्ल्यू ने अक्टूबर 2016 में सिटी में मेकेनाइज्ड क्लीनिंग की शुरुआत की थी। पहले चार वार्डो में काम शुरू करने के बाद एजेंसी ने धीरे-धीरे अपने पांव अन्य वार्डो में भी पसारे। कुछ दिनों के बाद सफाई व्यवस्था ढीली पड़ने लगी। इस बीच निगम ने एजेंसी से तीन वार्डो का काम वापस ले लिया। ऐसे में एजेंसी केवल 19 वार्डो में ही सफाई का काम कर रही थी।

जगन्नाथपुर-ट्रेकर स्टैंड से शुरू होगा काम

जगन्नाथपुर और ट्रेकर स्टैंड का मिनी ट्रांसफर स्टेशन (एमटीएस) बनकर तैयार हो चुका है, जहां से अगले महीने से वेस्ट कलेक्शन का काम शुरू हो जाएगा। यहां पर एमटीएस में कांपैक्टर लगाए जाएंगे। वहीं वेस्ट कलेक्शन के लिए छोटी गाडि़यों को लगाया जाएगा। इसके बाद घरों से रिक्शों पर वेस्ट कलेक्शन का काम बंद हो जाएगा। साथ ही जगह-जगह पर कचरे की डंपिंग भी नहीं होगी।

15 दिनों में तैयार होंगे सभी एमटीएस

टर्मिनेशन हटाने के बाद कंपनी भी रेस हो गई है। ऐसे में निगम की ओर से एजेंसी को सभी स्टेशनों का तेजी से निर्माण करने का आदेश दिया गया है। साथ ही कहा गया है कि 15 दिनों के अंदर सभी स्टेशनों को तैयार कर लिया जाए। इसके अलावा अगले महीने तक सभी वार्डो को भी कवर करने को कहा गया है।