झड़प क्यों और कैसे हुई इसकी पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। सरकारी अधिकारी इस मामले में आधिकारिक तौर पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। मगर सूत्रों का कहना है कि रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद कोड़ा और जेल प्रहरियों के बीच सोमवार की सुबह झड़प हुई थी।

झड़प के बाद कोड़ा को रांची के राजेंद्र आयु्र्विज्ञान संस्थान के अस्पताल में भरती कराया गया है जहाँ पर डॉक्टरों का कहना है कि उनके हाथ में चोट आई है।

पत्नी

इस बीच मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा ने बीबीसी से कहा है कि जेल में चक्रधरपुर के किसी अभियुक्त नें उनके पति पर हमला किया है। उनका कहना था, "मुझे पता चला है कि चक्रधरपुर के किसी अपराधी ने मेरे पति पर हमला किया है। वह जेल में असुरक्षित हैं."

पूछे जाने पर रांची के जिला अधिकारी कमल किशोर सोअन का कहना था कि मधु कोड़ा पर हमला करने वालों की पहचान हो गई है। हमलावरों में एक रांची और एक चक्रधरपुर के अभियुक्त हैं।

देर शाम तक मिल रही खबरों के मुताबिक़ जेल प्रशासन ने मधु कोड़ा और उनके साथ घपले के मामले में बंद अभियुक्त मंत्री और ठेकेदारों से मिलने वालों के लिए समय का निर्धारण कर दिया था।

विरोध

रांची के ज़िला अधिकारी का कहना है कि इससे नाराज़ मधु कोड़ा और पूर्व मंत्रियों ने सोमवार को वीआईपी वार्ड में खाना न खाकर सामान्य वार्ड में जाकर खाना खाने का मन बना लिया। जेल अधिकारियों का कहना है सामान्य वार्ड में जाकर वह खाना मांग रहे थे तभी दूसरे बंदियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

कमल किशोर सोअन का कहना है कि कुछ ने सिपाहियों से लाठी छीन कर कोड़ा और उनके साथियों पर हमला कर दिया। दूसरी तरफ अस्पताल ले जाने के क्रम में मधु कोड़ा नें कुछ पत्रकारों से कहा कि उन्हें जेल के सिपाही ने पीट कर तब घायल किया जब वह खाना मांग रहे थे।

अलग वार्ड

कोड़ा झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री हैं। चार हज़ार कड़ो़ड़ रुपए के घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय और केंद्रीय अनुसंधान ब्यूरो ने उन पर आरोप लगाए हैं। कोड़ा के साथ उनके तत्कालीन मंत्रिमंडल के सहयोगी एनोस एक्का और हरिनारायण राय इसी मामले में गिरफ्तार किए गए थे और वह भी केंद्रीय कारागार में ही बंद हैं।

इन सभी पूर्व मंत्रियों और पूर्व मुख्यमंत्री को जेल के अलग वार्ड में रखा गया है। सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि मधु कोड़ा और उनके साथ जेल में बंद वी वी आई पी बंदियों को मिलने वालों को लेकर जेल प्रशासन के साथ विवाद हो गया था। ऐसी भी खबर है कि रविवार को जब उनकी विधायक पत्नी गीता कोड़ा उनसे मिलने जेल पहुँचीं तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया।

रविवार को विरोध के लिए कोड़ा और उनके सहयोगियों नें जेल में अनशन शुरू कर दिया। जेल के सूत्र बताते हैं कि इसी बीच उनकी झड़प जेल प्रहरियों के साथ हो गयी। एक प्रहरी नें डंडा चला दिया जिसमे मधु कोड़ा को चोट आई।

दूसरी तरफ ऐसा भी कहा जा रहा है कि कोड़ा से जेल आकर मिलने वालों और सुरक्षा प्रहरियों के बीच झड़प हुई है। हालांकी इस बात की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।

International News inextlive from World News Desk