- 28 नवंबर को झाड़ी में मिली थी डेड बॉडी - क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को दबोचा, पूछताछ जारी GORAKHPUR: चिलुआताल के रहने वाले राजगीर की हत्या उसके करीबी ने कराई थी। सर्विलांस की मदद से जांच में जुटी क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को दबोच लिया है। उससे पूछताछ में मिली जानकारी के बाद अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है। चिलुआताल के कड़ंजहवा, सिहोरवा बाजार निवासी हनीफ (35) पेशे से राजगीर था। 27 नवंबर की रात मोबाइल पर फोन आने के बाद वह घर से निकला। अगले दिन सुबह रामपुर-करहिया मार्ग पर झाड़ी में हनीफ का शव मिला। सिर पर हमला कर हत्या की गई थी। घटनास्थल के पास ही पुलिस को उसकी बाइक मिली। जेब में मिले कागजात से पहचान कर घरवालों को सूचना दी गई। पुलिस को हनीफ का मोबाइल नहीं मिला था। सर्विलांस की मदद से जांच में जुटी क्राइम ब्रांच ने बीते सोमवार रात फोन करने वाले युवक को हिरासत में लिया तो हत्या की गुत्थी सुलझ गई। पूछताछ में पता चला कि गांजा व शराब पिलाने के बाद सिर पर ईंट से हमला कर राजगीर की हत्या की गई। साजिश में परिवार का करीबी भी शामिल है। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि छानबीन में अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।