आगरा। थाना एत्मादउद्दौला क्षेत्र स्थित पीलाखार में शुक्रवार दोपहर साढ़े तीन बजे करीब नाला बना रहे मजदूरों पर एक खाली प्लॉट की दीवार गिर गई। एक दर्जन से अधिक मजदूर वहां पर काम कर रहे थे। जिसमें से कई मलबे में दब गए। पुलिस व पब्लिक की मदद से मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। इनमें पांच मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

कर रहे थे नाले का निर्माण

बताया गया है कि पीलाखार में पिछले एक माह से नगर निगम द्वारा आठ फुट गहरे नाले पर निर्माण कराया जा रहा है। पुरुष व महिला मिलाकर करीब बीस मजदूर काम रहे थे। शुक्रवार को भी मजदूर काम में लगे हुए थे। नाले के बराबर से ही एक खाली प्लॉट बना हुआ है। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खाली प्लॉट की 20 फुट ऊंची व 35 फुट

धूल का गुबार उड़ा

लम्बी दीवार भरभरा कर एक धमाके के साथ नाले में काम रहे मजदूरों पर गिर पड़ी। दीवार गिरते ही धूल का बड़ा गुबार आसमान की तरफ उठा। दीवार गिरने की आवाज सुन लोगों को लगा कि धमाका हुआ है। धूल उड़ती देख लोगों ने मौके पर दौड़ लगा दी थी। मौके पर मजदूरों की चीखें मलबे से निकल रही थीं। बचे हुए मजदूर दहशत से कांप रहे थे।

पांच शव निकाले

मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए। पुलिस व लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया। मलबा अधिक होने पर तीन जेसीबी बुला ली गई। मलबे से एक के बाद एक पांच शव बरामद हुए। जिनमें चार महिलाएं व एक युवक का शव था।

शाम तक चलता रहा राहत कार्य

मजदूर 45 वर्षीय ब्रजेश, 40 वर्षीय श्रीमति, 25 वर्षीय नूरबानो,, 45 वर्षीय मीना एवं 22 वर्षीय युवक विपिन निवासीगण टेढ़ी बगिया की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिए। दोपहर से लेकर शाम सात बजे के बाद तक राहत कार्य चलता रहा था। पुलिस रात तक मौके पर जमी रही थी।

ठेके दार पर लापरवाही का आरोप

एसओ एत्माउद्दौला शैलेंद्र कुमार के मुताबिक मामले में मृतका नूरबानो के बेटे ने मुकदमा पंजीकृत कराया है। पीडि़तों के मुताबिक ठेकेदार की घोर लापरवाही रही है। दीवार खिसक सकती है, इस बात की जानकारी ठेकेदार को थी, फिर भी उस तरफ काम कराया गया। पुलिस ठेकेदार की तलाश कर रही है। ठेकेदार का नाम मुकेश निवासी कमला नगर बताया गया है।

बहन की शादी से पहले भाई की विदाई

विपिन के माता-पिता का देहांत हो चुका है। वह परिवार में अकेला कमाने वाला था। वह तीन भाई, चार बहन हैं। उसकी एक बहन की शादी 16 अपै्रल को होनी है। बहन की डोली उठाने वाले भाई को लोग कंधा देंगे, यह देख कर बहन की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।