- आरोपी एक युवक पर रेप का आरोप दूसरे पर छेड़छाड़ का

- दो दिन बाद घर के बाहर छोड़ कर भाग निकले आरोपी

- पुलिस ने रेप का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की

LUCKNOW :

सरोजनी नगर में मां और पिता के साथ वॉक पर जा रही नाबालिग बेटी को बाइक सवार जबरन उठा ले गए। दो दिन तक उसके साथ रेप करने के बाद लड़की को उसके घर के पास छोड़ा और भाग गए। बेटी ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। जिस पर उसके पिता ने दो युवकों के खिलाफ सरोजनी नगर थाने में रेप और किडनैपिंग का केस दर्ज कराया है। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

रात भर करता रहा तलाश

सरोजनी नगर के तपोवन नगर निवासी नरेंद्र (काल्पनिक नाम) सोमवार शाम 4 बजे पत्नी और बेटी शिवानी (काल्पनिक नाम) के साथ वॉक पर निकले थे। बधुआ तालाब के पास बाइक सवार दो युवक आए और शिवानी को जबरन बाइक में बैठाकर ले गए। नरेंद्र मदद के लिए शोर मचाता उनके पीछे भागा लेकिन उन्हें पकड़ नहीं पाया। शोर सुनकर आस-पास के लोग भी वहां पहुंचे। लोगों की मदद से नरेंद्र सुनसान जगहों पर रातभर बेटी की तलाश करता रहा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। नरेंद्र ने बताया कि दोनों युवक तपोवन नगर निवासी अलीम और रुस्तम विहार निवासी रईस हैं।

घर के बाहर छोड़ भागे आरोपी

इसके बाद नरेंद्र मदद के लिए पुलिस के पास गया। जानकारी होने पर पुलिस ने शिवानी की तलाश शुरू की। बुधवार सुबह दोनों आरोपी शिवानी को घर के पास छोड़कर भाग गए। घर पहुंची शिवानी ने मां को बताया कि अलीम उसे अपने दोस्त के घर ले गया और उसके साथ रेप किया। वहीं रईस ने भी छेड़छाड़ की।

कराया मेडिकल परीक्षण

बेटी की दास्तां सुनकर नरेंद्र उसे लेकर सरोजनी नगर थाने पहुंचे। पुलिस ने नरेंद्र की शिकायत पर दोनों युवकों के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया और लड़की का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही हैं। आरोपी पीडि़त परिवार के परिचित हैं।

धर्मेश शाही, इंस्पेक्टर सरोजनी नगर