- डॉक्टर्स के हाथ-पांव फूले, बर्फ से ढककर किया उपचार

- क्षेत्र में मलेरिया के प्रकोप से मचा हड़कंप

Sardhana : क्षेत्र में मलेरिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। दर्जनों की संख्या में मरीज अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है, जबकि काफी संख्या का घरों पर भी इलाज चल रहा है। भारतीय जैन मिलन हॉस्पिटल में एक मरीज का बुखार 106.9 डिग्री तक पहुंच गया। बर्फ से ढककर डॉक्टर्स ने उसका उपचार किया गया।

बढ़ रहे हैं मरीज

इन दिनों जहां डेंगू धीरे-धीरे पैर पसार रहा है, वहीं मलेरिया ने बड़ी संख्या में लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है। बड़ी संख्या में मलेरिया के मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मोहल्ला मंडी चमारान निवासी इस्लाम पुत्र अब्दुल शकूर को बुखार होने पर लेकर परिजन भारतीय जैन मिलन हॉस्पिटल पहुंचे। इस्लाम का बुखार नापने पर डॉक्टर्स के भी होश उड़ गए। बुखार 106.9 डिग्री तक पहुंच चुका था।

बर्फ से किया इलाज

आनन-फानन में बर्फ मंगाकर इस्लाम को ढका गया, जिससे उसका बुखार कुछ कम हुआ। अस्पताल में मलेरिया के कई अन्य मरीज भी भर्ती थे। जिनमें पिठलोकर की कमरजहां पत्नी नजाकत, छबडि़या की परमीत कौर पत्नी प्रकाशवीर, मोमन की पूजा, अक्खेपुर की सोनिया पत्नी कपिल शामिल थे।

मलेरिया के लक्षण

- बुखार से पहले तेज सिरदर्द, थकावट, बेचैनी, पेट में दर्द या बदन दर्द

- मसल्स में भी तेज दर्द होता है।

- तेज ठंड के साथ बुखार आना, 4-6 घंटे तक पसीने आकर बुखार उतर जाना

मलेरिया पीडि़त बच्चे का मानसी संस्था ने कराया उपचार

जुल्हेडा निवासी तथा मलेरिया से पीडि़त बच्चे का मानसी संस्था ने अस्पताल में उपचार कराया। संस्था के सदस्य अरिहंत जैन ने कुणाल पुत्र सचिन को भारतीय जैन मिलन अस्पताल में भर्ती कराया। भर्ती करते समय बच्चे को 106 डिग्री बुखार था। उपचार के बाद उसकी हालत में कुछ सुधार हुआ।

इन दिनों बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। सीएचसी में अभी तक कोई मलेरिया पॉजीटिव केस नहीं आया है। वैसे सीएचसी में अलग वार्ड बना दिया गया है। जिन क्षेत्रों में मलेरिया फैलने की सूचना है, वहां जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर कैंप लगाए जाएंगे।

-डॉ। आरके सागर, चिकित्सा अधीक्षक, सीएचसी सरधना