BAREILLY: मोहल्ला भूड़ में 65 वर्षीय बुजुर्ग को मामूली बात पर रिश्तेदार ने ही सिर में गोली मार दी। बुजुर्ग का कसूर सिर्फ इतना था कि जब भी उनका आरोपी से आमना-सामना होता था तो उनके चेहरे पर मुस्कुराहट आ जाती थी। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को पास के कब्रिस्तान से तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दो वर्ष पूर्व आईवीआरआई के डॉक्टर पर भी लोहे के मूसल से जानलेवा हमला कर चुका है। वह कथित बीजेपी नेता व प्रापर्टी डीलर का भाई है।

 

लव मैरिज के कारण हुई अनबन

65 वर्षीय शिव कुमार, मोहल्ला भूड़ में पकडि़या नाथ मंदिर के पास रहने वाले हैं। उनकी पत्‌नी सरकारी स्कूल में टीचर थीं। उन्हें पेंशन मिलती है। उनके दो बेटे नितिन सक्सेना और सतेंद्र सक्सेना हैं। सतेंद्र सीबीगंज स्थित प्राइमरी स्कूल में टीचर है और नितिन सक्सेना ट्रेवल एजेंसी चलाते हैं। नितिन सक्सेना ने करीब 10 वर्ष पूर्व शाहजहांपुर की रहने वाली प्रीति से लव मैरिज की थी। प्रीति भूड़ मोहल्ले में ही रहने वाले अपने रिश्तेदार संजीव सक्सेना के घर आती जाती थी। नितिन की लव मैरिज के बाद संजीव, नितिन के परिवार से दुश्मनी मानने लगा था। दीपावली पर भी झगड़ा हुआ था। इसी के चलते संजीव रंजिश मानता था। मंडे को जब शिव कुमार ने उसे देखकर मुस्कराया तो उसने प्लान के तहत उनके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।

 

गोली चलाने वाला पहले भी एक डॉक्टर पर कर चुका है हमला

संजीव ने डॉगी की मौत पर आईवीआरआई में जाकर बोला था हमला। शिव कुमार के बेटे नितिन पर भी गुप्ती से कर चुका है वार।

 

संजीव पहले से ही गुंडागर्दी करता रहा है। वह शिवकुमार से पहले आईवीआरआई के डॉक्टर और शिव कुमार के बेटे पर जानलेवा हमला कर चुका है। जिसमें वह जेल भी जा चुका है। संजीव पहले एक इंश्योरेंस कंपनी में ट्रेनर था। उसका भाई अशोक सक्सेना प्रॉपटी डीलर है और वह कथित बीजेपी नेता भी है। पुलिस उसके भाई का भी रिकार्ड खंगाल रही है।

 

मूसल से किया था वार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संजीव ने दो वर्ष पूर्व 29 मार्च 2016 को आईवीआरआई के रिसर्च स्कॉलर व डॉक्टर देश दीपक के सिर पर लोहे के मूसल से वार कर दिया था। संजीव अपने डॉगी का इलाज कराने आईवीआरआई पहुंचा था। उसे डॉगी की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने संजीव सक्सेना को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जिसके बाद से उसकी जॉब छूट गई थी। पहले करीब 5 वर्ष पहले नितिन पर गुप्ती से हमला कर चुका है। इस मामले में उसके भाई अशोक सक्सेना ने समझौता करा दिया था। पिछले वर्ष दीपावली पर नितिन का बेटा पटाखे छुड़ा रहा था, इसको लेकर भी झगड़ा हुआ था। जिसके बाद से संजीव ने बदला लेने की ठान ली थी।

 

सिर का एक हिस्सा हो गया डैमेज

शिव कुमार के बेटे नितिन ने बताया कि उनके पिता मंडे सुबह मोहल्ले में किसी बीमार शख्स को देखकर घर लौट रहे थे। वह घर की सीढि़यां चढ़ रहे थे कि तभी पीछे से संजीव सक्सेना ने उनके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले और तुरंत शिवकुमार को डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें मिशन हॉस्पिटल लेकर गए। यहां डॉक्टर्स ने उनकी हालत गंभीर बताई है। शिवकुमार के सिर का एक हिस्सा पूरी तरह से डैमेज हो चुका है। पुलिस ने संजीव सक्सेना को गिरफ्तार कर लिया है। उसने बताया कि उसका नितिन से झगड़ा चल रहा था। नितिन के पिता शिव कुमार उसे जब भी घर के बाहर मिलते तो देखकर मुस्करा देते थे। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह तमंचा और एक कारतूस एटा से लेकर आया था।

 

बुजुर्ग को रिश्तेदार ने ही सिर में गोली मारी है। बुजुर्ग के बेटे ने आरोपी की मौसेरी बहन से लव मैरिज की थी। बुजुर्ग अक्सर उसे देखकर मुस्करा देते थे, इसी गुस्से में हत्या की बात आरोपी ने कबूली है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रोहित सिंह सजवाण, एसपी सिटी

Crime News inextlive from Crime News Desk