- पुलिस मित्र ने फिर दिखाया अपना असली चेहरा

- पिपराइच थाना में शनिवार को दिन दहाड़े हुई घटना

GORAKHPUR: गोरखपुर पुलिस गुंडागर्दी पर उतर गई है। पब्लिक के साथ अच्छे व्यवहार की डीजीपी की नसीहत 48 घंटे के भीतर काफूर हो गई। लाखों रुपए हड़पने के आरोपी को थाने से छोड़ने का विरोध जताना फरियादी को भारी पड़ा। पिपराइच थाने में सिपािहयों ने फरियादी को सरेआम पीट दिया। पुलिस मित्र का असली चेहरा सामने आने से लोग दंग रह गए। मामला उजागर होने पर अधिकारियों ने सिपाहियों का बचाव करने का प्रयास किया। घटना को गलत बताने की कोशिश की, लेकिन पिटाई का वीडियो वायरल होने से चुप्पी साध गए।

एनजीओ खोलकर पब्लिक को लगाया चूना

चिलुआताल एरिया के उसका निवासी कृष्ण मोहन सिंह, पिपराइच के सोनवे गोनरहा निवासी अरविंद सिंह, बेला के राहुल चौहान, वाजिद ने चार-पांच लोगों के साथ मिलकर पूर्वाचल जनसेवा शिक्षण संस्थान नाम से संस्था खोली। गोरखपुर और महराजगंज जिले में ब्रांच बनाकर संस्था के लोगों ने एजेंट जोड़े। एजेंट्स के माध्यम से 42 सौ रुपए एक मुश्त जमा कराने पर उपहार के रूप में सिलाई मशीन बांटे। सस्ते ब्याज दरों पर एक लाख रुपए का लोन देने का झांसा दिया। इस चक्कर में सैकड़ों महिलाओं ने रुपए जमा करा दिए। लेकिन उनको कोई लाभ नहीं मिला।

शुक्रवार को पकड़ा गया आरोपी

एनजीओ के दफ्तर का चक्कर लगाने के बाद महिलाओं को ठगी का अहसास हुआ। लोगों ने दबाव बनाया तो संचालक अपने दफ्तर पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों को पत्र देकर लोगों ने कार्रवाई की मांग की। लेकिन पुलिस की निष्क्रियता से आरोपी नहीं पकड़े गए। शुक्रवार को अचानक संचालक कृष्ण मोहन सिंह कस्बे में मिल गया। लोगों ने उसको पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। कस्बे की राबिया खातून की तहरीर पर पुलिस ने संचालक और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया।

जाम लगाने से बिफरी पुलिस

थाने से छोड़ने की सूचना पर हंगामा एनजीओ संचालक के पकड़े जाने की सूचना से गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज जिलों के पीडि़त पिपराइच थाना पहुंच गए। उनके साथ बड़ी संख्या में महिलाएं थी। लोगों ने जमा रकम वापस दिलाने की बात कहकर थाने में प्रदर्शन शुरू कर दिया। भीड़ को देखकर पुलिसवालों ने आरोपी को हटा दिया। उसे थाने से छोड़ने की सूचना फैलते ही लोग सड़क पर उतर गए। लोगों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक आवागमन बंद होने पर एसपी ग्रामीण ब्रजेश सिंह और सीओ चौरीचौरा राजेश भारती थाने पहुंच गए। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। बात न बनने पर लाठी पटककर लोगों को खदेड़ दिया। इसके बाद एक फरियादी ने मामले की जानकारी मीडिया को देने को कोशिश की। उसे बात करते हुए देखकर पुलिस वालों का गुस्सा सातवें आसमान पर आ गया। सिपाहियों ने उसे पकड़कर पीटना शुरू कर दिया।