- देर से खाना बनने को लेकर हुआ विवाद, गुलरिहा एरिया की घटना

GORAKHPUR: गुलरिहा के रामपुर गोपालपुर अजायब टोला के रहने वाले 26 साल के संजय ने रात में पत्‍‌नी की साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। जान देने की जो वजह सामने आई है उससे हर कोई स्तब्ध है।

मामूली सी थी बात

मंगलवार की रात संजय को मटन खाने की इच्छा हुई। बाजार से मटन खरीद कर घर ले आया। पत्‍‌नी सरिता को खाना बनाने में देरी हो गई। रात में करीब नौ बजे उसे भूख लगी तो पत्‍‌नी से खाना मांगा। वह आटा गूथ रहीं थी। उसने कहा कि चावल-मटन तैयार है। बस रोटी बनानी बाकी है। देर से खाना बनाने को लेकर पति-पत्‍‌नी में कहासुनी हुई जिसके बाद वह कमरे में गया और अन्दर से दरवाजा बन्द कर लिया। उधर, रोटी बनाने के बाद जब पत्‍‌नी खाना खाने के लिए बुलाने गई तो अंदर से दरवाजा बंद मिला। वह आवाज दी लेकिन किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं हुई। अनहोनी की आशंका पर शोर मचाने लगी। मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। साड़ी के फंदे में संजय की लाश झूल रही थी। ग्राम प्रधान रामदया पासवान ने 100 नम्बर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची गुलरिहा पुलिस शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए ले गई।

संजय पांच साल के एक बेटा का पिता था। बेटे को इंसेफेलाइटिस की बीमारी हो गई थी। इलाज में काफी कर्ज चढ़ गया था। जिसके बाद से वह अवसाद में रहता था। बात-बात पर चिढ़ता था। वह पेंट पालिस का काम करता था।