GORAKHPUR:

बड़हलगंज के ग्राम पंचायत मदरहा के टोला झझवां में खेत में जानवर को चराने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष की ओर से चली गोली। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

लंबे समय से चल रहा था विवाद

गांव के रमेश दुबे व श्यामानंद उर्फ गोबरी के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चलता है। मंगलवार सुबह श्यामानंद के भतीजे संतोष की भैंस की पडि़या रमेश दुबे के चरी बोए गए खेत में चली गई। उसे खेत से निकालने के लिए संतोष का भतीजा सुधीर वहां पहुंचा। इसी दौरान रमेश दुबे भी मौके पर पहुंच गए और सुधीर को अपने साथ ले जाने लगे। उसे छुड़ाने के लिए बस्ती के लोग दौड़ पड़े और कहासुनी होने लगी। कहासुनी मारपीट में बदल गई। इसमें रमेश दुबे को बुरी तरह पीट रहे थे, इसी दौरान उन्होंने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी। जो श्यामानन्द ऊर्फ गोबरी के सिर के पिछले हिस्से में जा लगी और उनकी तत्काल मौके पर मौत हो गई। उनका रिवाल्वर भी मौके पर गिर गया। इसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। घायल हाल में रमेश दुबे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। श्यामानंद के तीन बच्चे हैं। इसमें 13 वर्ष का पुत्र राजकपूर व 10 वर्ष की पुत्री आरती व 8 वर्ष की शांति है।