मनोकामना मंदिर के बाहर ही 12 जुलाई 2010 में हुआ था नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर जानलेवा हमला

ALLAHABAD: सात साल पहले 12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज स्थित शिव मंदिर में पूजन कर लौटते समय तत्कालीन कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर जानलेवा हमला हुआ था। इसमें कैबिनेट मंत्री बाल-बाल बचे थे। उस घटना के बाद से नंदी हर 12 जुलाई को मनोकामना शिव मंदिर में रुद्राभिषेक करते हैं। बुधवार को भी बहादुरगंज स्थित मनोकामना शिव मंदिर में कैबिनेट मंत्री ने पत्नी मेयर अभिलाषा गुप्ता व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रुद्राभिषेक किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने मंदिर में मौजूद लोगों से मन की बात की। उन्होंने कहा कि बहादुरगंज मनोकामना पूर्ति शिव मंदिर में दर्शन का विशेष महत्व है। मैंने 12 जुलाई 2010 को पुन: जीवन प्राप्त कर इसका अनुभव किया है। भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से सात महीने सात दिन बाद 19 फरवरी 2011 को दूसरा जीवन पाकर मैं इलाहाबाद लौटा था। लौटने के बाद शिव मंदिर में परिवार के साथ रुद्राभिषेक किया और ये प्रक्रिया अब तक अनवरत जारी है।