GORAKHPUR: डीजे पर फरमाइशी गाने पर नाचने के विवाद में हत्या के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। रिश्तेदार भी भागने लगे। आनन-फानन में आदित्य को पहले नर्सिंग होम और फिर जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया। उधर, आदित्य के पिता ने दूल्हा प्रिंस, उसके भाई समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी शराब के नशे में थे। आदित्य ऑटो मैकेनिक था।


बहूभोज का चल रहा था कार्यक्रम

घटना शनिवार रात 11.30 बजे के करीब हुई। महादेवपुरम निवासी जवाहर लाल के बेटे प्रिंस की गुरुवार को शादी हुई थी। शनिवार को बहूभोज था। कार्यक्रम में प्रिंस का दोस्त तथा भैरोपुर निवासी आदित्य भी पहुंचा था। प्रिंस के भाई के दोस्त भी वहां थे। बताया जा रहा है कि सभी पहले साथ में शराब पीए और फिर डीजे सिस्टम के सामने डांस करने पहुंचे। इसी दौरान आदित्य का प्रिंस के बड़े राहुल के दोस्तों से विवाद हो गया। इसके बाद आदित्य को एक कमरे में बंदकर पीटा गया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। थोड़ी देर बाद इसकी जानकारी जब बड़े-बुजुगरें को हुई तो वे कमरा खोलकर आदित्य को पास के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। मारपीट की जानकारी होते ही कार्यक्रम स्थल पर सन्नाटा छा गया।

 


तीन को पुलिस ने किया गिरफ्तार

नर्सिंग होम में तबीयत बिगड़ने के बाद आदित्य को दो बजे के करीब डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी हुई। अस्पताल ले आते समय आदित्य की मौत हो गई। पुलिस ने आदित्य के पिता की तहरीर पर दूल्हा प्रिंस, उसके भाई राहुल, दोस्त बब्लू, आतिश उर्फ डाकू, सूरज और चिपोकी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। प्रिंस, बब्लू और सूरज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आदित्य इंजीनियरिंग कॉलेज स्थित एक दुकान पर ऑटो मैकेनिक था।