- पत्‍‌नी से विवाद के बाद पुलिस बुलाने पर भड़क गया युवक

- कैंट एरिया के बेतियाहाता मोहल्ले में हुई घटना

GORAKHPUR: कैंट एरिया की पॉश कालोनी में पुलिस के सामने ही दामाद ने ससुर को गोलियों से भून डाला। घटना गुरुवार की रात करीब डेढ़ बजे बेतियाहाता मोहल्ले में हुई। वारदात से हत्यारोपी की पत्‍‌नी और बच्चे डरकर घर में दुबक गए। पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल के साथ आरोपी को अरेस्ट कर लिया। मौके से दो खोखे और तीन कारतूस बरामद किए। पुलिस का कहना है कि पति-पत्‍‌नी में विवाद के दौरान ससुर ने पुलिस बुला ली। इसी से नाराज होकर युवक ने ससुर को गोली मार दी। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि वह इतना गुस्से में था कि ससुर के बाद पत्‍‌नी और बच्चों को भी मार सकता था। सिपाहियों ने उसे अरेस्ट कर आगे की घटना को टाल दिया।

बेटे की हो गई थी हत्या

बेतियाहाता मोहल्ले में कमला निवास में किराएदार घनश्याम शुक्ला इंश्योरेंस कंपनी से जुड़े थे। उनकी दो बेटियां और एक बेटा हैं। 20 साल पहले बेटे की हत्या हो गई थी। दोनों बेटियों की शादी उन्होंने बेतियाहाता में की। बड़ी बेटी नम्रता अपने पति के साथ लखनऊ में रहती है। वहीं छोटी बेटी नेहा अपने तीन बच्चों के साथ कभी ससुराल तो कभी मायके में रहती है। पिता के अकेले होने से अक्सर वह बच्चों के साथ ससुराल चली जाती है। मायका और ससुराल मोहल्ले में ही होने से उसे कोई प्रॉब्लम भी नहीं होती थी।

नशे में धुत था अभिनव

गुरुवार की रात नेहा का पति अभिनव देर से घर पहुंचा। इसी बात को लेकर पति-पत्‍‌नी में कहासुनी होने लगी। नशे में धुत अभिनव पांडेय ने पत्‍‌नी को थप्पड़ मार दिया। फिर अपशब्द कहते हुए कमरे में चला गया। बेटी को थप्पड़ मारने से नाराज होकर घनश्याम ने दामाद को सबक सिखाने की चेतावनी दी।

ताबड़तोड़ दागी गोली

बेटी और दामाद के बीच रोज के झगड़े से तंग आकर घनश्याम ने विवाद की सूचना पुलिस को दे दी। थोड़ी देर में कैंट थाना के हॉक दस्ता पर तैनात दो कांस्टेबल पहुंच गए। मकान के फ‌र्स्ट फ्लोर पर सिपाही पहुंचे तो बरामदे में घनश्याम सोफे पर बैठे थे। अभिनव को पुलिस के आने की जानकारी हुई तो दोबारा कपड़ा पहनकर कमरे से बाहर निकला। अपनी लाइसेंसी पिस्टल खोस ली। वह घर में पुलिस के आने से नाराज था। ससुर के पास जाकर पिस्टल निकालकर ताबड़तोड़ गोली दाग दी। वहां मौजूद सिपाहियों ने किसी तरह उसे काबू करके पिस्टल कब्जे में ले लिया। गोली लगने से घायल बुजुर्ग घनश्याम को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। नेहा की तहरीर पर उसके पति अभिनव पर हत्या का मुकदमा दर्ज करके पुलिस ने अरेस्ट कर लिया।

पत्‍‌नी के खिलाफ उकसाता था दोस्त

बेतियाहाता निवासी अभिनव एक रियल स्टेट कंपनी में रीजनल मैनेजर था। नौकरी छूटने के बाद वह प्रॉपर्टी के बिजनेस में लग गया। इस दौरान उसे करीब 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ। इस दौरान उसे शराब की लत लग गई। पुलिस का कहना है कि तीन भाइयों में बड़े अभिनव की हरकतों से परेशान होकर उसकी पत्‍‌नी परिवार का खर्च चलाने के लिए स्कूल में पढ़ाने लगी थी। नेहा ने पुलिस को बताया कि अभिनव का एक दोस्त उसके खिलाफ पति को भड़काता था। पुलिस इस बिंदु को भी जांच के दायरे में रखकर काम कर रही है। उधर, अभिनव के पकड़े जाने की सूचना पर उससे जुड़े प्रॉपर्टी डीलर और कुछ सपा नेता भी पहुंचे। बाद में हत्या के मामले को दुर्घटना बताकर अभिनव के बचाव की कोशिश शुरू हो गई। सबने यह कहना शुरू कर दिया कि झगड़े के दौरान अचानक गोली चलने से उसके ससुर की जान गई।

बॉक्स

नशे ने बर्बाद कर दिया परिवार

अच्छी नौकरी छूटने के बाद गलत संगत में पड़े अभिनव का परिवार शराब की लत के चलते बर्बाद हो गया। उसके शराब पीने की आदत ने घर में कलह बढ़ा दी। रोजाना शराब पीकर घर लौटने वाला अभिनव मामूली बात पर भी पत्‍‌नी से लड़ जाता था। मां और भाई को पहले ही खो चुकी नेहा पर बुजुर्ग पिता और तीन बच्चों की जिम्मेदारी थी। इसलिए उसने स्कूल में जॉब कर लिया। नेहा की बड़ी बेटी आठवीं कक्षा में पढ़ती है। दूसरे और तीसरे नंबर के बच्चे काफी छोटे हैं। परिवार की परवरिश की जद्दोजहद में लगी नेहा अक्सर अपने पति की हरकतों को नजरअंदाज कर जाती थी। पति-पत्‍‌नी के बिगड़ते संबंधों की जानकारी किसी को न होने दी। कोई बात होने पर वह पिता से कहकर दुख बांट लेती थी। इसलिए पिता भी आहत थे। इसी से तंग आकर उन्होंने पुलिस बुला ली थी।

वर्जन

विवाद की सूचना पर सिपाही पहुंचे। दरवाजा खोलते ही अभिनव ने ससुर पर गोली दाग दी। पुलिस ने उसे काबू में कर लिया जिससे अन्य लोगों की जान बच गई। नशे में धुत अभिनव के सिर पर उस समय खून सवार था।

- अभय कुमार मिश्रा, सीओ, कैंट