थाना जगदीशपुरा के गांव अंगूठी की घटना, मौके पर जुटी भीड़

साथी कि हत्या के दौरान पुजारी को फावड़े से घायल किया

आगरा: थाना जगदीशपुरा स्थित गांव अंगूठी में गुरुवार को पुजारी के साथी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसे बचाने की कोशिश करते पुजारी को फावड़ा मार कर गंभीर घायल कर दिया। हत्याकांड के पीछे छह महीने पुरानी रंजिश बताई गई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

तमंचे से सीने में मारी गोली

अंगूठी गांव निवासी 38 वर्षीय योगेंद्र चौधरी का गांव के बाहर बने मंदिर के पास चाय का खोखा है। मंदिर में बाबा कोमल सिंह और रामदास रहते हैं। कोमल दास के अनुसार गुरूवार सुबह दस बजे वह दोनों खोखे पर बैठे थे। तभी गांव का थान सिंह अपने भाई के साथ आया और योगेंद्र के सीने में तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। कोमल सिंह के अनुसार कोमल सिंह थान सिंह से भिड़ गया। उसका तमंचा छीनकर फेंक दिया। पकड़ने का प्रयास करने पर उसने फावड़े से सिर पर कई प्रहार करके गंभीर घायल कर दिया।

छह महीने पुराना बताया विवाद

घटना के बाद थान सिंह और उसका भाई और दोनों पुत्र भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कोमल को एसएन में भर्ती कराया। कोमल सिंह ने बताया हत्या के पीछे छह महीने पुराना विवाद है। रामदास झोपड़ी में गाने बजा रहा था। इस पर उसका और योगेंद्र का रामदास एवं थान सिंह से विवाद हो गया था। उस समय लोगों ने मामला रफादफा करा दिया था। मगर, थान सिंह रंजिश मानने लगा। एसपी सिटी प्रशांत कुमार ने बताया गांव में तनाव के चलते फोर्स तैनात कर दिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

गांव में हुई हत्या में नामजद था मृतक

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि योगेंद्र चौधरी गांव में चार वर्ष पूर्व मोबाइल की दुकान में हुई हत्या में जेल गया था। जमानत पर बाहर आकर उसने गांव के बाहर चाय का खोखा कर लिया। जिससे परिवार का भरण-पोषण कर रहा था।