GORAKHPUR:

सिकारीगंज इलाके के ढकवा बाजार में ताड़ी पीने गए प्रकाश यादव (40) की हंसिया से गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि ताड़ी पीने के विवाद में बलिराम यादव ने हत्या की है। वारदात के बाद से वहां पर अफरा-तफरी मच गई और ताड़ी पीने जुटे ग्रामीण भी फरार हो गए। बलिराम घटना के बाद से ही फरार है। हत्या की खबर पाते ही एसपी साउथ ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रकाश के भाई राधेश्याम की तहरीर पर बलिराम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।

मजदूरी करता था प्रकाश

सिकरीगंज इलाके के ढेबरा बुजुर्ग गांव का प्रकाश यादव मजदूरी करके जीवन यापन करता था। बड़े भाई राधेश्याम यादव के साथ ही वह रहता था। रविवार की सुबह भाई राधेश्याम से बीस रुपए मांगकर वह ढकवा गांव के पास ताड़ी पीने चला गया। इसी दौरान उसकी गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि बलिराम यादव से ताड़ी पीने के दौरान ही उसका विवाद हो गया और फिर उसने ताड़ी निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाले हंसिया से उसके गर्दन पर वार कर दिया। प्रकाश यादव की गर्दन कट गई। सभी भागने लगे। इसी बीच घटना की सूचना किसी ने राधेश्याम और पुलिस को दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। वहीं भाई ने बलिराम यादव पर हत्या का आरोप लगाया। आसपास के लोगों ने भी घटना के बाद बलिराम यादव के कपड़ों पर खून के धब्बे लगे होने की पुष्टि की है।