- सईद नाटे मर्डर केस में आरोपी के भाई को सरेराह बाइक सवारों ने गोली मारी, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला राजीव नगर

- फायरिंग करने वालों में शातिर अपराधी शामिल, घायल की हालत नाजुक

>kanpur@inext.co.in

KANPUR: नौबस्ता का राजीव नगर इलाका बुधवार शाम को ताबड़तोड़ फायरिंग से दहल उठा। बाइक सवार पांच बदमाशों ने यहां चर्चित गैंगेस्टर सईद नाटे की हत्या में आरोपी के भाई को गोली मार दी। इलाके में दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने एक दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की। इस गैंगवार के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। लोग अपने-अपने घरों में कैद हो गए। वारदात को अंजाम देने वाले 5 में से 4 के बारे में पीडि़त के परिजनों ने जानकारी दी है। इनमें से दो आरोपी कर्नलगंज के शातिर गैंगेस्टर्स हैं। घायल को हैलट में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक है।

मामला गैंगवार का है

नौबस्ता के राजीव नगर निवासी मो। आजम पेशे से कसाई हैं। आरोप है कि उनके भाई जाने आलम की बेटी से सुबह दो लड़कों ने छेड़छाड़ की, जिसका उसके भतीजे वसीम ने विरोध किया। इसके बाद शाम को वसीक, इजराइल आटेवाला, बदरूद्धीन, अहमुद्धीन और एक अज्ञात युवक दुकान के पास आए और बिना कुछ कहे सुने बाइक से उतर कर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। वसीम के मुताबिक सभी के पास पिस्टल थी। एक गोली मो। आजम के बाएं हाथ में धंस गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर गए। इसके बाद बदमाश भाग निकले, लेकिन वास्तविकता कुछ और ही है। सच्चाई ये है कि इजराइल आटे वाले और उसके शूटर्स ने बदला लेने के लिए उसको गोली मारी है।

हमले की वजह पुरानी रंजिश भी

मो। आजम पर हमले में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनका कर्नलगंज, बजरिया क्षेत्र में बड़ा आपराधिक इतिहास रहा है और वह चर्चित गैंगेस्टर रहे हैं। चार साल पहले कर्नलगंज में हिस्ट्रीशीटर सईद नाटे की हत्या का आरोपी मो। आजम का भाई है। बुधवार को हुई वारदात में सईद नाटे के भाई वसीक के भी शामिल होने का आरोप है। वहीं नौबस्ता एसओ के मुताबिक परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने वसीक, इजराइल आटेवाला पर हमले का आरोप लगाया है।