छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: मानगो नोटिफाइड एरिया कमिटी (एमएनएसी) ने पांच महीने से मानगो जलापूर्ति योजना को संचालित करने वाले ठेकेदार को पैसों का भुगतान नहीं किया है। ठेकेदार का कहना है कि उसका एमएनएसी पर एक करोड़ रुपए बकाया है। ठेकेदार रामेश्वर शर्मा ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को पत्र लिखकर 26 नवंबर से जलापूर्ति बंद करने की धमकी दी है। मानगो जलापूर्ति योजना अभी पेयजल एवं स्वच्छता विभाग संचालित कर रहा है। विभाग ने इसे संचालित करने के लिए टेंडर किया था। एक साल में दो करोड़ 29 लाख रुपये का टेंडर रामेश्वर शर्मा ने लिया है। वही इसकी देखरेख और संचालन करते हैं। जल शोधन के लिए केमिकल का इंतजाम भी उन्हीं के जिम्मे है। मानगो जलापूर्ति योजना का जल कर मानगो अक्षेस ही लेता है। इसीलिए, मानगो अक्षेस ही ठेकेदार को भुगतान करता है, लेकिन भुगतान में लापरवाही बरती जाती है। अभी मानगो अक्षेस पर ठेकेदार का एक करोड़ रुपये का बकाया हो गया है। ठेकेदार ने अगर 26 नवंबर से जलापूर्ति बंद कर दी तो मानगो में हाहाकार मच जाएगा।

जुलाई से है बकाया

जानकारी के अनुसार ठेकेदार का मार्च से जून तक भुगतान मानगो अक्षेस ने किया था। इसके बाद से अब तक भुगतान नहीं किया गया है। ठेकेदार का आरोप है कि वो पैसे के लिए एमएनएसी का लगातार चक्कर काट रहे हैं लेकिन, कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

मानगो में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन आज से

मानगो नोटिफाइड एरिया कमिटी (एमएनएसी) रविवार से डोर टु डोर कचरा कलेक्शन शुरू कर रहा है। डिमना रोड स्थित आस्था स्पेस टाउन से डोर टु डोर कचरा कलेक्शन होगा। यहां सुबह आठ बजे दो तरह की डस्टबिन और एक बैग बांटा जाएगा। ठेकेदार यहां हर घर से रोज कचरा एकत्र कराएगा। इसके एवज, हर महीने हर घर से 100 रुपये लिए जाएंगे। आस्था स्पेस टाउन में 360 फ्लैट हैं। यहां डोर टू डोर कचरा कलेक्ट करने की जिम्मेदारी ठेकेदार महेश गोराई को दी गई है। वो यहां दो किस्म यानि हरी और लाल डस्टबिन बांटी जाएगी। लोगों को कचरा का श्रेणीकरण कर इसमें रखना होगा।

1824 एप्प डाउनलोड

एमएनएसी के सिटी मैनेजर शफीउर्रहमान ने आस्था स्पेस टाउन में स्वच्छता एप्प डाउनलोड करने का अभियान चलाया। शनिवार को चले अभियान में 150 एप्प डाउनलोड किए गए। मानगो में शुक्रवार तक 1824 एप्प डाउनलोड हुए थे। सिटी मैनेजर ने लोगों से ज्यादा से ज्यादा एप्प डाउनलोड कर स्वच्छता मिशन में भागीदार बनने की अपील की है।